मोहन भागवत का न्यूयॉर्क दौरा: हिंदू संगठन ने जारी की एडवाइजरी, कौन सा संगठन करेगा विरोध प्रदर्शन?

न्यूयॉर्क में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर विरोध-प्रदर्शन की तैयारी के बीच हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) ने कार्यक्रम में शामिल होने वालों से प्रदर्शनकारियों के साथ टकराव से बचने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की है। एचएएफ ने सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना कानून प्रवर्तन अधिकारियों को देने और खतरा महसूस होने पर इलाके से निकलने की सलाह दी है।

अमेरिका स्थित हिंदू-अमेरिकी समुदाय के एक संगठन ने न्यूयॉर्क में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से शनिवार को होने वाले कार्यक्रम का विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ किसी भी तरह के टकराव से बचने की अपील की है।

mohan bhagwat news

न्यूयॉर्क में मोहन भागवत के कार्यक्रम पर विरोध का साया, HAF की लोगों से टकराव से बचने की अपील। PTI

अमेरिका स्थित गैर-लाभकारी संगठन ‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ (एचएएफ) ने चेतावनी दी है कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन स्थित इन्फोसिस थिएटर में शनिवार को होने वाले ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन्स’ कार्यक्रम को बाधित करने और इसे रद्द कराने की कोशिशें की जा सकती हैं। इस कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत शामिल होंगे। ‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स’ और समान विचारधारा वाले अन्य संगठनों ने शनिवार को मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर प्रदर्शन करने की योजना बनाई है। यह प्रदर्शन आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम के दौरान ही होगा।

End of Feed