Kolkata Rape-Murder Case: कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ रेप और उसकी हत्या के मामले को लेकर देशभर में रेजिडेंट डॉक्टर्स के चल रही हड़ताल खत्म हो गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अविरल माथुर ने कहा कि हमने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की और अपनी संशोधित मांगें उनके सामने रखीं। उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि वे डॉक्टरों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराएंगे। हमारी सभी मांगें मान ली गई हैं इसलिए हम हड़ताल वापस ले रहे हैं।
कलकत्ता हाई कोर्ट ने दिया निर्देश
इससे पहले कलकत्ता उच्च न्यायालय ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मामले की जांच मंगलवार को कोलकाता पुलिस से लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आदेश दिया। इस आदेश के बाद सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ले ली और बुधवार सुबह कोलकाता के लिए एक एक्सपर्ट की टीम रवाना होगी।
बता दें कि डॉक्टर्स का व्यापक आंदोलन पांचवें दिन भी जारी रहने पर मुख्य न्यायाधीश टी एस शिवज्ञानम की अध्यक्षता वाली पीठ ने राज्य में आंदोलनकारी चिकित्सकों से भी अपना काम रोको आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया था और कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों का उपचार करना उनका दायित्व है। अदालत ने शहर पुलिस को निर्देश दिया था कि वह आज शाम तक केस डायरी केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंप दे तथा बुधवार सुबह 10 बजे तक अन्य सभी दस्तावेज सुपुर्द कर दे।
सीबीआई बुधवार से करेगी जांच
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ले ली है और फॉरेंसिक वैज्ञानिकों और चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ दिल्ली से एजेंसी के अधिकारियों की एक टीम बुधवार को कोलकाता पहुंचेगी। अदालत ने यह आदेश पीड़िता के माता-पिता द्वारा अदालत की निगरानी में जांच की मांग वाली याचिका तथा सीबीआई को जांच हस्तांतरित करने की मांग वाली कई अन्य जनहित याचिकाओं पर पारित किया।
उच्च न्यायालय का यह अंतरिम आदेश इस घटना के सामने आने के पांच दिन बाद और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पुलिस को दी गई रविवार तक की जांच की समय सीमा से पांच दिन पहले आया है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि अगर 18 अगस्त तक कोलकाता पुलिस मामले को सुलझाने में विफल रहती है, तो वह जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंप देंगी।
महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या
बता दें कि सरकारी अस्पताल के सेमिनार हॉल में शुक्रवार की सुबह स्नातकोत्तर महिला चिकित्सक का शव मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसके साथ यौन हिंसा हुई थी। कोलकाता पुलिस शनिवार को इस संबंध में सिविल वालंटियर संजय रॉय को गिरफ्तार करने के बावजूद जांच में ढिलाई और साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोपों को शांत करने में विफल रही। इस घटना से राज्य के मेडिकल परिसरों और उससे आगे कनिष्ठ चिकित्सकों में आक्रोश पैदा हो गया है।
इधर, राज्य के चिकित्सकों के संयुक्त मंच ने आरजी कर अस्पताल की घटना के विरोध में बुधवार को राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के बाह्य रोगी विभागों (ओपीडी) में हड़ताल का आह्वान किया है। साथ ही पश्चिम बंगाल में कनिष्ठ चिकित्सकों और प्रशिक्षुओं ने घटना के विरोध में तथा अस्पताल कर्मचारियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा की मांग करते हुए मंगलवार को भी काम रोको आंदोलन किया।
