देश

कर्नाटक CM सिद्दारमैया को आ रहे धमकी भरे फोन, बोले- क्या करूं? पुलिस को कर दिया सूचित

Threat Calls: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें धमकी भरे फोन आए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे भी धमकी भरे फोन आते हैं, क्या करूं? हमने पुलिस को सूचित कर दिया है। हमने पुलिस से कहा है कि वह धमकी भरे फोन करने वालों का पता लगाए और उनके खिलाफ कार्रवाई करे।

Image

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया (फाइल फोटो)

Threat Calls: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें धमकी भरे फोन आए हैं और उन्होंने पुलिस से इसके लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।

सिद्दारमैया क्या कुछ बोले?

सिद्दारमैया ने यहां विधानसभा अध्यक्ष यू टी खादर को कथित तौर पर धमकी भरे फोन आने के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मुझे भी धमकी भरे फोन आते हैं, क्या करूं? हमने पुलिस को सूचित कर दिया है। हमने पुलिस से कहा है कि वह धमकी भरे फोन करने वालों का पता लगाए और उनके खिलाफ कार्रवाई करे। हां, मुझे भी (धमकी भरे फोन) आए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को निर्देश दिया गया है कि मंगलुरु में बदमाश सुहास शेट्टी की हत्या में शामिल अपराधियों का जल्द से जल्द पता लगाया जाए और उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए। सिद्दारमैया ने कहा कि उन्हें अभी तक हत्या का कारण पता नहीं चला है। उन्होंने कहा, ‘‘उसके (शेट्टी) बारे में कहा जाता है कि वह एक गुंडा था। इसकी जांच होनी चाहिए। हत्या के बाद मैंने कल पुलिस से बात की और हमने एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) को मंगलुरु भेजा है।’’

सिद्दारमैया का BJP पर राजनीति करने का आरोप

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘यह पूर्वनियोजित था या नहीं यह अभी पता नहीं चल पाया है। जांच पूरी होने के बाद ही इसका पता चल पाएगा। भाजपा हमेशा राजनीति करने के लिए ऐसी घटनाओं की तलाश में रहती है।’’

पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे बताया गया कि जिस स्थान पर आतंकवादी हमला हुआ वहां एक भी पुलिस या सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था। अगर वहां कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था, तो इसका क्या मतलब है? सैकड़ों पर्यटक वहां जाते हैं, क्या ऐसी जगह पर पुलिस मौजूद नहीं होनी चाहिए?’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article