देश

Ratan Tata Death News: रतन टाटा के निधन से शोक की लहर, पीएम मोदी समेत इन दिग्गज लोगों ने दी श्रद्धांजलि

Ratan Tata: देश के बड़े उद्योगपति रतन टाटा का निधन हो गया। उन्होंने 86 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी कारोबारी नेता और असाधारण इंसान बताया। इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर बृहस्पतिवार को एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की।

Image

पीएम मोदी और मुकेश अंबानी समेत कई दिग्गज लोगों ने रतन टाटा को दी श्रद्धांजलि

Photo : Twitter

Ratan Tata Passed Away: टाटा समूह के मानद चेयरमैन और दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार देर रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा का दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में रात साढ़े 11 बजे निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि उद्योगपति रतन टाटा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

टाटा परिवार ने दी जानकारी

टाटा के परिवार ने एक बयान में कहा कि हम उनके भाई, बहन और परिवार, उन सभी लोगों से मिले प्यार और सम्मान से सांत्वना और सुकून पाते हैं, जो उनका सम्मान करते थे। हालांकि, अब रतन टाटा व्यक्तिगत रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विनम्रता, उदारता और उद्देश्य की विरासत भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एक बयान में रतन टाटा को अपना मित्र और मार्गदर्शक बताया। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एक बयान में कहा कि हम रतन नवल टाटा को गहरे दुख के साथ विदाई दे रहे हैं। वह वास्तव में एक असाधारण नेतृत्वकर्ता थे, जिनके अतुलनीय योगदान ने न केवल टाटा समूह को बल्कि हमारे राष्ट्र के ताने-बाने को भी आकार दिया है। उन्होंने कहा कि 1991 से रतन टाटा के नेतृत्व में टाटा समूह ने अपनी वैश्विक उपस्थिति का विस्तार किया।

पीएम मोदी ने रतन टाटा को बताया असाधारण इंसान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी कारोबारी नेता और असाधारण इंसान बताया। मोदी ने एक्स पर कहा कि श्री रतन टाटा जी का सबसे अनूठा पहलू बड़े सपने देखना और दूसरों को कुछ देने के प्रति उनका जुनून था। वह शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, पशु कल्याण जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाने में सबसे आगे रहे थे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रतन टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें देश का महान सपूत बताया। गडकरी ने एक्स पर लिखा कि रतन टाटा के साथ मेरे तीन दशकों से घनिष्ठ पारिवारिक संबंध थे। नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने भी रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक जताया।

अरबपति हर्ष गोयनका ने भी टाटा के निधन पर दुख जताया और एक्स पर एक पोस्ट में उन्हें टाइटन (अत्यंत महत्वपूर्ण व्यक्ति) करार दिया। रतन टाटा ने सोमवार को कहा था कि उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है और वह उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच करा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि मैं उम्र संबंधी बीमारियों के कारण अभी चिकित्सकीय जांच करा रहा हूं। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं ठीक हूं।

Ratan Tata

Ratan Tata

झारखंड में एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा

इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर बृहस्पतिवार को एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की। सोरेन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि झारखंड जैसे पिछड़े राज्य को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाले टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन और पद्म विभूषण रतन टाटा जी के निधन पर एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है। वहीं भारत के शीर्ष उद्योगपतियों ने बुधवार को दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया। रिलायंस के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने रतन टाटा को भारत के सबसे प्रतिष्ठित और परोपकारी बेटों में से एक बताया। अंबानी के अलावा अरबपति गौतम अदाणी और ऑटो क्षेत्र के दिग्गज आनंद महिंद्रा ने भी टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया।

Ratan Tata

Ratan Tata

भारत और भारतीय उद्योग जगत के लिए बहुत दुखद दिन- अंबानी

अंबानी ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह भारत और भारतीय उद्योग जगत के लिए बहुत दुखद दिन है। रतन टाटा का निधन न केवल टाटा समूह के लिए बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर, रतन टाटा के निधन से मुझे बहुत दुख हुआ है क्योंकि मैंने एक प्रिय मित्र खो दिया है। अदाणी ने कहा कि भारत ने एक दिग्गज, एक दूरदर्शी व्यक्ति को खो दिया है जिन्होंने आधुनिक भारत के मार्ग को फिर से परिभाषित किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि रतन टाटा सिर्फ एक कारोबारी नेता नहीं थे, उन्होंने ईमानदारी, करुणा और व्यापक भलाई के लिए एक अटूट प्रतिबद्धता के साथ भारत की भावना को मूर्त रूप दिया। उनके जैसे दिग्गज अमर रहते हैं। ओम शांति। आनंद महिंद्रा ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था ऐतिहासिक छलांग लगाने के कगार पर है और टाटा के जीवन और कार्य का हमारे इस स्थिति में आने में बहुत बड़ा योगदान है।

Ratan Tata

Ratan Tata

खरगे और राहुल गांधी ने जताया शोक

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि रतन टाटा एक दूरदर्शी व्यक्ति थे, जिन्होंने कारोबार और परोपकार की दुनिया में अमिट छाप छोड़ी है। खरगे ने टाटा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से हमने भारत का एक अनमोल सपूत खो दिया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि एक उत्कृष्ट परोपकारी व्यक्ति, जिनकी भारत के समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता सर्वोपरि रही, श्री रतन टाटा निष्ठा और नैतिकतापूर्ण नेतृत्व के पर्याय थे। खरगे ने कहा कि रतन टाटा लाखों लोगों के लिए प्रेरणा और आदर्श थे तथा उन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति हमारी संवेदनाएं। राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि रतन टाटा एक दूरदर्शी व्यक्ति थे। उन्होंने कारोबार और परोपकार दोनों पर अमिट छाप छोड़ी है। उनके परिवार और टाटा समुदाय के प्रति मेरी संवेदनाएं।

गूगल के CEO सुन्दर पिचाई ने रतन टाटा को दी श्रद्धांजलि

गूगल के CEO सुन्दर पिचाई ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि रतन टाटा से मेरी पिछली मुलाकात में हमने वेमो की प्रगति के बारे में बात की थी और उनका विजन सुनना प्रेरणादायक था। वे एक असाधारण व्यवसाय और परोपकारी विरासत छोड़ गए हैं और भारत में आधुनिक व्यवसाय नेतृत्व को मार्गदर्शन और विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्हें भारत को बेहतर बनाने की गहरी चिंता थी। उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना और श्री रतन टाटा जी की आत्मा को शांति मिले।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article