RapidX News: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर 17 किलोमीटर प्राथमिकता वाले सेक्शन के उद्घाटन की तारीख आ गई है। तीन दिन बाद 20 अक्टूबर को यह लॉन्च होने वाला है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को इस खंड का उद्घाटन करेंगे। प्राथमिकता वाला खंड साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच है जिसमें 4 एलिवेटेड स्टेशन - साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर और दुहाई डिपो शामिल हैं। पूरा प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद भारत का पहला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ को जोड़ेगा। यह एनसीआरटीसी द्वारा प्रबंधित रैपिडएक्स परियोजना के चरण I के तहत बनाया जा रहा तीन रैपिड रेल गलियारों में से एक है।
RAPIDX पर आया अपडेट
औसत गति 100 किमी प्रति घंटा
160 किमी प्रति घंटे की गति के साथ दिल्ली और मेरठ के बीच की दूरी 60 मिनट से भी कम समय में तय की जाएगी। रैपिडएक्स ट्रेनों की औसत गति 100 किमी प्रति घंटा होगी। एनसीआरटीसी को दिल्ली और मेरठ के बीच भारत के पहले क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के निर्माण की देखरेख का काम सौंपा गया है। एनसीआरटीसी ने पहले कहा था कि पूरे 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस को जून 2025 तक चालू करने का लक्ष्य है।
टिकट की कीमत तय होना बाकी
दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस लाइन की किराया संरचना, कीमतों और नियमों की अभी घोषणा नहीं की गई है। परिचालन शुरू होने के बाद यह किया जाएगा।
आरआरटीएस ट्रेनों की खासियतें
दिखने में ये ट्रेनें मेट्रो ट्रेनों जैसी ही हैं लेकिन इनके कोच लगेज कैरियर और मिनी स्क्रीन जैसी सुविधाओं से लैस हैं। इनमें हर सीट पर ओवरहेड लगेज रैक, वाई-फाई, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग सुविधा जैसी कई सुविधाएं हैं। हर ट्रेन में चौड़ी सीटों, अधिक लेगरूम और कोट हैंगर वाली एक प्रीमियम श्रेणी की कार होगी। ट्रेनें वेंडिंग मशीन की सुविधा से भी सुसज्जित होंगी।
