Congress News: राहुल गांधी ने वंशवाद की राजनीति को लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और अनुराग ठाकुर पर जमकर जुबानी प्रहार किया है। मंगलवार को उन्होंने कहा कि जहां तक उन्हें पता है अमित शाह के बेटे भारतीय क्रिकेट को चलाते हैं। राहुल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने नेताओं को देखना चाहिए।
राहुल ने पूछा, अमित शाह का बेटा क्या करता है?
राहुल गांधी ने राजनीति में वंशवाद को लेकर भाजपा के दिग्गज नेताओं पर तीखा प्रहार किया। राहुल ने गृह मंत्री अमित शाह के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अनुराग ठाकुर पर भी सवाल उठाए। भाजपा लगातार राहुल गांधी पर वंशवाद की राजनीति का आरोप लगा रही है, इसके जवाब में राहुल ने पूछा कि 'अमित शाह का बेटा क्या करता है? राजनाथ सिंह का बेटा क्या करता है?' राहुल ने आगे बोला कि 'मुझे जितना पता है अमित शाह का बेटा भारतीय क्रिकेट को चलाता है। बीजेपी को पहले अपने नेताओं को देखना चाहिए कि उनके बच्चे क्या करते हैं। अनुराग ठाकुर के अलावा और भी लोग हैं, जो वंशवाद की राजानीति का उदाहरण हैं।
देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है 'इंडिया'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भी अधिक है। पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए चुनावी राज्य मिजोरम की यात्रा के दौरान राजधानी आइजोल में राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी गठबंधन अपने मूल्यों, संवैधानिक ढांचे और धर्म या संस्कृति से परे लोगों की खुद को अभिव्यक्त करने और सद्भाव से रहने की स्वतंत्रता को संरक्षित कर 'भारत की अवधारणा' की रक्षा करेगा।
देश के लिए भाजपा का दृष्टिकोण हमसे अलग- राहुल
भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, 'हमारे देश के लिए उनका दृष्टिकोण हमसे अलग है। आरएसएस का मानना है कि भारत को एक ही विचारधारा और संगठन द्वारा शासित किया जाना चाहिए, जिसका हम विरोध कर रहे हैं। हम विकेंद्रीकरण में विश्वास करते हैं जबकि भाजपा का मानना है कि सभी निर्णय दिल्ली में लिए जाने चाहिए।'
उन्होंने भाजपा पर देश के संपूर्ण संस्थागत ढांचे पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की नींव स्थापित करने में मदद की है और इस पुरानी पार्टी का उस नींव की रक्षा करने का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा, 'पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्य भाजपा और आरएसएस के हमलों का सामना कर रहे हैं, यह आपकी धार्मिक आस्थाओं की बुनियाद के लिए खतरा है।' चालीस सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए सात नवंबर को मतदान होना है और तीन दिसंबर को मतगणना की जाएगी।
