Andhra Pradesh Rajya Sabha Election: देश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी काफी तेज हो गई है। इसी सिलसिले में आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी तेलुगु देशम पार्टी (TDP Rajya Sabha candidates list) ने शनिवार को ऊपरी सदन (राज्यसभा) के लिए अपने तीन उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। टीडीपी ने इस बार साना सतीश, भाषम रामकृष्ण और चिंतकायाला विजय को अपना उम्मीदवार बनाया है।
यह घोषणा आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगियों के बीच हुए सीट-बंटवारे के समझौते के बाद की गई है। इस समझौते के तहत एनडीए गठबंधन में टीडीपी के हिस्से में तीन सीटें आई हैं, जबकि सहयोगी जनसेना पार्टी (JSP) एक सीट पर चुनाव लड़ रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तमिलनाडु के बाद झारखंड में टूटेगा INDIA गठबंधन? राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस-JMM टकराव से बदले सियासी समीकरण, BJP की बढ़ीं उम्मीदें
जनसेना से लिंगमनेनी रमेश ने दाखिल भरा पर्चा
शनिवार को ही जनसेना पार्टी के उम्मीदवार लिंगमनेनी रमेश ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख (8 जून) बेहद नजदीक होने के कारण संसद के ऊपरी सदन में पहुंचने की रेस तेज हो गई है। आंध्र प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों में भी शनिवार को राजनेताओं और उम्मीदवारों की भारी हलचल देखी गई।
18 जून को 24 सीटों पर होगा मतदान
चुनाव आयोग ने 1 जून को राज्यसभा की 24 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। इन 24 सीटों के लिए आगामी 18 जून को मतदान होना तय हुआ है। यह चुनाव देश के 10 राज्यों में फैली 24 खाली सीटों को भरने के लिए कराया जा रहा है, जिससे संसद के इस सदन में राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
24 सीटों का गणित:
- 4-4 सीटें: आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात
- 3-3 सीटें: राजस्थान और मध्य प्रदेश
- 2 सीटें: झारखंड
- 1-1 सीट: अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय
इसके साथ ही, चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक सीट पर होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए भी अधिसूचना जारी की है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजरें 18 जून को होने वाली वोटिंग पर टिकी हैं।
