कश्मीर के पहलगाम हमले के जवाबी कार्रवाई में आतंकियों के खिलाफ चलाए ऑपरेशन सिंदूर के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ ने भुज एयरबेस (गुजरात) से भारतीय वायुसेना के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश की मजबूत भुजा 'भुज' में है। यह भुज, 1965 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ हमारी जीत का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना द्वारा निभाई गई प्रभावी भूमिका की न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी सराहना हो रही है। ऑपरेशन सिंदूर में हमारे सशस्त्र बल न केवल दुश्मन पर हावी रहे बल्कि उन्हें नेस्तनाबूद करने में भी सफलता पाई। रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां की सरकार, पाकिस्तानी आम नागरिकों से लिया गया टैक्स, आतंकी संगठनों पर खर्च करेगी, लिहाजा, भारत आईएमएफ से गुजारिश करता है कि पाकिस्तान को किसी भी तरह की फंडिंग से परहेज करे।
पाकिस्तान को फंडिग बंद करे IMF - राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मेरा मानना है कि पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष से प्राप्त एक बिलियन धन का एक बड़ा हिस्सा अपने देश में आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर खर्च करेगा। क्या आईएमएफ इनडायरेक्ट फंडिंग यह नहीं माना जाएगा? मैं दुनिया के लोगों के सामने यह रखना चाहता हूं। लिहाजा, अब पाकिस्तान को आर्थिक सहायता किसी टेरर फंडिंग से कम नहीं है। लिहाजा, भारत यही चाहता है कि आईएमएफ पाकिस्तान को वित्त पोषण (Financing) पर पुनर्विचार करे। भारत नहीं चाहता जो फंडिंग आईएमएफ को हमारी ओर से की जा रही है, उसे किसी भी तरह की टेरर फंडिंग के तौर पर की जाए।
सेना को संबोधित करते हुए डिफेंस मिनिस्टर ने कहा कि हमारी वायु सेना ने आतंकवाद के खिलाफ इस अभियान का प्रभावी ढंग से संचालन किया। हमारी वायु सेना ने अपने पराक्रम, साहस और गौरव से नई और महान ऊंचाइयों को छुआ है। यह छोटी बात नहीं है कि हमारी वायुसेना पाकिस्तान के हर कोने तक पहुंचने की क्षमता रखती है, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान यह साबित हो गया है। पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे हमारी सेना ने पाकिस्तानी धरती पर नौ आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया।
