कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को हरियाणा के करनाल पहुंचे। जहां राहुल गांधी ने पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए नौसेना अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस के भी कुछ नेता उनके साथ थे। राहुल गांधी विनय नरवाल के परिवार से मिल और उनसे बात की।
लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार से मिले राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दोपहर हरियाणा के करनाल पहुंचे। राहुल गांधी जब नरवाल के करनाल स्थित आवास पर पहुंचे तो वहां मौजूद पार्टी नेताओं में रोहतक से कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल थे। कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विपक्ष के नेता राहुल गांधी हरियाणा के करनाल पहुंच गए हैं। वह पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए भारतीय नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल जी के परिवार से मुलाकात करेंगे।’’
22 अप्रैल को आतंकियों ने मारी थी गोली
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पर्यटन के लिए मशहूर पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। यहीं पर नौसेना अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी मौजूद थे, जिनकी हत्या आतंकियों ने कर दी थी।
