नेता विपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ’ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (OSM) को लेकर एक बार फिर से बोर्ड और सरकार पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने गड़बड़ियों के जरिए CBSE पर कमाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गलती CBSE की है, सजा बच्चे को मिल रही है और कमाई सरकार कर रही है।
राहुल ने बताया कमाई का जरिया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा- "जेबकतरों से सावधान - आज वो CBSE के अंदर बैठे हैं। CBSE की गलती से नंबर गलत आए तो आपको क्या मिलता है?
एक bill:
- Digital scan copy: ₹100/विषय
- Re-totalling: ₹100/paper
- Re-evaluation: ₹25/सवाल
सरकार और बोर्ड को राहुल ने ठहराया जिम्मेदार
राहुल गांधी ने आगे कहा कि सोचिए, जब 4 लाख बच्चों ने ऐसे आवेदन डालें हैं तो CBSE कितनी कमाई कर रहा है। जब स्कैनिंग फोन से हुई हो, गलत मार्किंग तय है। और उसे ठीक करवाने की कीमत बच्चा भर रहा है। गलती CBSE की। सजा बच्चे को। कमाई सरकार की। जब शिक्षा को सेवा नहीं, कारोबार बना दिया जाए तब गलती सुधारी नहीं जाती। बढ़ाई जाती है। और इसकी सबसे बड़ी क़ीमत हमारे बच्चे चुका रहे हैं - अपने समय से, अपने आत्मविश्वास से, और अपने भविष्य से।
सवालों के घेरे में सीबीएसई
सीबीएसई को कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुरू की गई नई डिजिटल मूल्यांकन पद्धति को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें छात्रों ने विसंगतियों और मूल्यांकन त्रुटियों का दावा किया है। सीबीएसई की कक्षा 12 की परीक्षा देने वाले कई छात्रों ने पोर्टल पर अपलोड की गई अपनी कॉपी की स्कैन प्रति देखने के बाद गड़बड़ी का दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ये प्रतियां उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की नहीं हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच और एक विशेष जांच दल द्वारा जांच कराए जाने की मांग की है।
