Rahul Gandhi Batman Mask: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर सोमवार को विपक्षी दलों के 'चलो दिल्ली' मार्च के दौरान राजनीति का एक बहुत ही अलग और अनोखा रंग देखने को मिला। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में सुप्रीम कोर्ट की तरफ बढ़ रहे नेताओं के बीच सुपरहीरो 'बैटमैन' का खुमार छाया रहा।
चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च में राहुल और खरगे का अनोखा अंदाज
प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला पल वह था, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे(Mallikarjun Kharge) चेहरे पर बैटमैन का मास्क लगाए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बगल में बैठे दिखाई दिए। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस मार्च (Congress Delhi March) के दौरान विपक्षी सांसदों और कार्यकर्ताओं को बैटमैन के मास्क बांटे थे। इसी बीच राहुल गांधी ने खरगे को वह मास्क पहनने में मदद की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'न्यायपालिका की मर्यादा का उल्लंघन', CJI ने राहुल गांधी और खरगे से मुलाकात का प्रस्ताव ठुकराया, दिया दो-टूक जवाब
NSUI ने शेयर की तस्वीर
एनएसयूआई (NSUI) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर राहुल गांधी की मास्क के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा- "बैटमैन मोड: ऑन; ज्ञानेश तो गयो!" दरअसल, यह पूरा मामला कांग्रेस के उस सोशल मीडिया अभियान से जुड़ा है, जिसमें राहुल गांधी को अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले 'रियल लाइफ बैटमैन' के रूप में दिखाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने बैटमैन को लेकर जब दिया था बयान
इससे पहले अगस्त के महीने में भी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर ऐसे पोस्टर्स लगाए गए थे, जिन पर लिखा था: "द साइलेंट गार्जियन, अ वॉचफुल प्रोटेक्टर... रियल लाइफ बैटमैन राहुल गांधी।" यह ट्रेंड तब और ज्यादा लोकप्रिय हुआ था जब एक इंस्टाग्राम लाइव सेशन में एक छात्र ने राहुल गांधी से मजाकिया लहजे में पूछा था कि क्या वे ही बैटमैन हैं?
इस पर राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था, "बस इतना समझ लीजिए कि आज तक किसी ने मुझे और बैटमैन को एक साथ एक कमरे में नहीं देखा है।" उनके इसी बयान के बाद से सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई थी, जो अब सड़कों पर प्रदर्शन का हिस्सा बन गई है।
