Rahul-Kharge Writes To PM Modi: पाकिस्तान के साथ संघर्ष और सीजफायर के बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को पक्ष लिखकर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग रखी है। खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर पहलगाम आतंकवादी हमले, ऑपरेशन सिंदूर और सीजफायर की घोषणाओं पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने के विपक्ष के सर्वसम्मत अनुरोध को दोहराया है। खास तौर पर कांग्रेस सीजफायर के मुद्दे पर चर्चा चाहती है।
भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर
भारत और पाकिस्तान ने चार दिनों तक सीमा पार ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद शनिवार को जमीन, हवा और समुद्र में किसी भी तरह के संघर्ष को तुरंत खत्म करने पर सहमति जताई। हैरत की बात रही कि संघर्ष विराम की घोषणा सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर की, उसके बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इसकी औपचारिक घोषणा की। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी रात की बातचीत के बाद मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं।
पहलगाम हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई
पिछले सप्ताह पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों पर हमला किए जाने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने एलओसी पर अंधाधुंध फायरिंग की और भारी गोलीबारी की जिसमें कई लोगों की जान गई।
