6 और 7 मई की दरमियानी रात जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, उसके बाद सीमा पर तनाव की स्थिति लगातार बढ़ने लगी। यह वही समय था जब पाकिस्तान से संबंधित कई सोशल मीडिया एकाउंट ने फर्जी खबरों को हवा देनी शुरू की। आम लोगों की बात छोड़िए पाकिस्तान के सरकारी पदों पर बैठे तथाकथित जिम्मेदार लोग भी इसमें पीछे नहीं रहे। सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म 'एक्स' पर पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक पेज से वीडियो गेम की फुटेज डाल दी और उसे भारत के साथ चल रहे संघर्ष से संबंधित बता डाला।
मंत्री अत्ताउल्लाह तरार का फर्जी दावा
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने ARMA 3 नाम के वीडियो गेम से फुटेज शेयर करते हुए दावा किया गया कि पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने भारतीय सुरक्षा बलों को समय पर तगड़ा जवाब दिया। इस भ्रामक दावे की जांच यूके डिफेंस जर्नल ने की और कहा कि पाकिस्तान सरकार के एक आधिकारिक एकाउंट से पोस्ट किया गया क्लोज-इन वेपन सिस्टम (CIWS) द्वारा टार्गेट पर हमला करने वाला फुटेज एक लोकप्रिय मिलिट्री गेम ARMA 3 से है।
PIB ने भी किया फैक्ट चेक
भारत सरकार की फैक्ट-चेक इकाई प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने भी इस वीडियो का खंडन करते हुए पोस्ट किया -
"कई कॉम्बैट गेमिंग वीडियो को हाल ही में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के असली फुटेज के तौर पर भ्रामक रूप से प्रसारित किया जा रहा है। कृपया ऐसे प्रचार पोस्ट का शिकार न बनें।"
एक के बाद एक फर्जी दावे
शनिवार को एक और फर्जी दावा किया गया। पाकिस्तान से संबंधित सोशल मीडिया हैंडलों ने दावा किया था कि भारतीय वायुसेना की एक महिला पायलट को पाकिस्तान में पकड़ लिया गया है। इस दावे का खंडन करते हुए PIB ने बताया कि यह दावा फर्जी है। PIB फैक्ट चेक ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारतीय महिला वायुसेना पायलट को पकड़ा नहीं गया है। पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया हैंडल का दावा है कि भारतीय वायुसेना की एक महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवानी सिंह को पाकिस्तान में पकड़ लिया गया है। यह दावा फर्जी है।"
पाक के झूठ का पर्दाफाश
शनिवार को एक प्रेस वार्ता में भारतीय अधिकारियों ने पिछले तीन दिनों में बढ़े तनाव के दौरान पाकिस्तान की ओर से किए गए कई झूठे दावों को खारिज किया। शनिवार को एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमोडोर रघु आर नायर, विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी ने पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा के तहत फैलाए जा रहे कई झूठे दावों का का पर्दाफाश किया। कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा, "पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने अपने JF 17 से हमारे S 400 और ब्रह्मोस मिसाइल बेस को नुकसान पहुंचाया है, जो पूरी तरह से गलत है। दूसरा, उसने यह भी गलत सूचना अभियान चलाया कि सिरसा, जम्मू, पठानकोट, भटिंडा, नलिया और भुज में हमारे हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचाया गया है यह सूचना भी पूरी तरह से फर्जी है। तीसरा, पाकिस्तान के फर्जी सूचनाओं के अभियान के तहत, चंडीगढ़ और व्यास में हमारे एम्यूनिशन डिपो को नुकसान पहुंचाया गया है, जो भी पूरी तरह से गलत है... पाकिस्तान ने झूठे आरोप लगाए हैं कि भारतीय सेना ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया है। मैं यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है और हमारी सेना भारत के संवैधानिक मूल्यों का एक बहुत ही सुंदर प्रतिबिंब है..."
