Puri Girl Set On Fire: ओडिशा में एक और बड़ी वारदात ने इस राज्य को सुर्खियों में ला दिया है। पुरी जिले के बलंगा में कुछ बदमाशों ने एक 15 वर्षीय लड़की को आग लगा दी। उसे AIIMS, भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है जहां हालत नाजुक बनी हुई है। 19 जुलाई शनिवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने 15 वर्षीय किशोरी को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना जिले के बलंगा थाना क्षेत्र के बयाबर गांव में उस समय हुई जब लड़की अपनी सहेली के घर जा रही थी।
ओडिशा के पुरी में 15 साल की लड़की को जिंदा जलाया (PTI)
70% झुलसी लड़की, हालत गंभीर
प्रशासन ने बताया कि पीड़िता को स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में पिपिली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे तत्काल एम्स-भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, लड़की लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और इस समय बोलने की स्थिति में नहीं है। उसकी पीठ, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर जलन है।
भुवनेश्वर एम्स में इलाज जारी
AIIMS भुवनेश्वर के बर्न्स विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय गिरि ने बताया कि लड़की 70-75% तक जल चुकी है। उसे तरल पदार्थ दिया जा रहा है। उसकी हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में निगरानी में रखा गया है। हमने 12 डॉक्टरों और 2 नर्सिंग अधिकारियों की एक समिति बनाई है जो मरीज की देखभाल कर रही है और उसके इलाज की योजना बना रही है। हम एम्स दिल्ली के संपर्क में हैं। मरीज पर इलाज का असर हो रहा है। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
सीएम माझी ने कहा, दोषियों को मिलेगी सख्त सजा
इस घटना पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार पुरी में बदमाशों द्वारा आग के हवाले की गई नाबालिग लड़की को डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्नत इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाएगी। पीड़िता 70 प्रतिशत जली हुई अवस्था में एम्स भुवनेश्वर में इलाज करा रही है। सीएम ने कहा, हम स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। राज्य सरकार ज़रूरत पड़ने पर उसे उन्नत उपचार के लिए दिल्ली एम्स ले जाने के लिए तैयार है। हालांकि पीड़िता 70 प्रतिशत तक जल गई है, फिर भी वह बोल पा रही है। मैंने अस्पताल के निदेशक से बात की है और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उसे दिल्ली एम्स ले जाया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। जो भी जिम्मेदार होगा, उसे पकड़ा जाएगा। इस घटना के कारणों का पता लगाने और यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि क्या इसमें कोई साज़िश शामिल थी। सरकार कानून के तहत कड़ी सज़ा सुनिश्चित करेगी।
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री ने कहा, ये स्तब्ध करने वाली घटना
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रभाती परीडा ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा, यह घटना दुखद और स्तब्ध करने वाली है। सरकार लड़की के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।" उन्होंने पुलिस को तत्काल दोषियों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पिपिली उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) देबाशीष मिश्रा ने बताया कि इलाके के आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके। दो विशेष जांच टीमें बनाई गई हैं जो इस अपराधियों की धर-पकड़ में जुटी हैं। पुरी की जिला कलेक्टर चंचल राणा ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नवीन पटनायक ने भाजपा पर निशाना साधा
इस घटना को लेकर ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य भर में महिलाओं के खिलाफ ऐसी घटनाएँ लगभग रोजमर्रा की हो गई हैं। पटनायक ने ट्वीट किया, ये हिंसा के छिटपुट मामले नहीं हैं। चौंकाने वाली घटनाएं लगातार हो रही हैं और ये घटनाए शासन की गहरी व्यवस्थागत विफलता की ओर इशारा करती हैं। यह दर्शाता है कि मौजूदा सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और उन्हें सजा मिलने की कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने ओडिशा में महिलाओं के लिए बेहद असुरक्षित स्थिति बनने के लिए सीधे तौर पर सरकार की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि क्या सरकार इस गहरी नींद से जागेगी और अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए त्वरित कार्रवाई करेगी? और इससे भी महत्वपूर्ण बात, क्या सरकार इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कोई कदम उठाएगी?
