पंजाब यूनिवर्सिटी चुनाव के बाद BJP-SAD गठबंधन की चर्चा तेज, क्या विधानसभा चुनाव से पहले फिर साथ आएंगे दोनों दल?

भाजपा संभावित गठबंधन के दायरे में अकाली दल 'पुनर सुरजीत' को भी शामिल करने पर विचार कर रही है। इस संगठन का गठन अकाली दल से अलग हुए कुछ नेताओं ने किया है। अकाली दल 'पुनर सुरजीत' के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने भी कहा है कि भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है।

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी के उम्मीदवार की शानदार जीत के बाद पंजाब की राजनीति में भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। इस जीत में अकाली दल के छात्र संगठन स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (SOI) की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। SOI के उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के बाद संगठन ने एबीवीपी को समर्थन देने का एलान किया था। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि छात्र संघ चुनाव का यह समीकरण आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।

पंजाब में राजनीतिक हलचल तेज।

पंजाब में राजनीतिक हलचल तेज।

PU चुनाव को माना जा रहा विधानसभा चुनाव का 'ट्रेलर'

पंजाब यूनिवर्सिटी चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा और अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। राजनीतिक जानकार इसे विधानसभा चुनाव से पहले का 'ट्रेलर' बता रहे हैं। हालांकि असली तस्वीर विधानसभा चुनाव के दौरान ही साफ होगी।

भाजपा की ओर से सार्वजनिक तौर पर लगातार कहा जा रहा है कि पार्टी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पंजाब भाजपा के नए प्रभारी सतीश पूनिया भी अपने हालिया पंजाब दौरों के दौरान यही बात दोहरा रहे हैं। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष और प्रदेश नेतृत्व की ओर से भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही जाती रही है। हालांकि सूत्रों का दावा है कि पर्दे के पीछे भाजपा और अकाली दल के बीच संपर्क बना हुआ है और गठबंधन की संभावनाओं पर बातचीत जारी है।

End of Feed