देश

पंजाब में झुकी मान सरकार, लापता होने के आरोपों के बीच 450 और किसानों को रिहा किया

Punjab releases Farmers: किसानों को धरने से उठाने वाली पंजाब सरकार ने अब नरम रुख अपना लिया है। पंजाब पुलिस ने सोमवार को कहा कि वह हिरासत में करीब 800 किसानों को रिहा कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि वह 450 और किसानों को रिहा करेगी।

Image

पंजाब सरकार ने किसानों को रिहा किया।

Punjab releases Farmers: किसानों को धरने से उठाने वाली पंजाब सरकार ने अब नरम रुख अपना लिया है। पंजाब पुलिस ने सोमवार को कहा कि वह हिरासत में करीब 800 किसानों को रिहा कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि वह 450 और किसानों को रिहा करेगी। पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय सुखचैन सिंह गिल ने सोमवार को बताया कि पुलिस हिरासत से करीब 800 किसानों को रिहा कर दिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि सीएम ने महिलाओं, दिव्यांग, 60 साल के ऊपर से लोगों सहित किसानों को तुरंत रिहा करने का निर्देश दिया है। सीएम के इस निर्देश को ध्यान में रखते हुए हम आज करीब 450 किसानों को रिहा करने जा रहे हैं।

सैकड़ों किसानों को हिरासत में लिया गया था

आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने शंभू और खनौरी सीमा बिंदुओं पर किसानों के धरने के कारण उद्दोगों एवं आम लोगों के प्रभावित होने का हवाला देते हुए प्रदर्शन स्थलों को खाली कराने का फैसला किया था, जिसके बाद सैकड़ों किसानों को हिरासत में लिया गया था। गिल ने कहा, ‘पंजाब सरकार के निर्देश के अनुसार हम ऐसे किसानों की रिहाई को प्राथमिकता दे रहे हैं और आज लगभग 450 किसानों को रिहा किया जाएगा।’

देशभर में विरोध-प्रदर्शन करने का आह्वान

प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई पर निशाना साधते हुए संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की राष्ट्रीय समन्वय समिति ने पूरे भारत के किसानों से 28 मार्च को देशभर में विरोध-प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। किसान संघ ने रविवार को बयान में कहा, ‘एसकेएम की राष्ट्रीय समन्वय समिति पूरे भारत के किसानों से 28 मार्च को पंजाब में किसानों के विरोध प्रदर्शन पर पुलिस की दमनकारी कार्रवाई के खिलाफ पूरे भारत के जिलों में विरोध-प्रदर्शन करने का आह्वान करती है।’

टेंट और मंचों को बुलडोजर से गिरा दिया

एसकेएम ने किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) और एसकेएम (गैर राजनीतिक) सहित सभी किसान संगठनों और मंचों से साझा मुद्दों पर एकता दिखाने तथा ‘दमन के खिलाफ एकजुट होने’के लिए आगे आने का आग्रह किया। बयान में कहा गया, ‘भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के निर्देश पर, पंजाब पुलिस ने जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर सहित 350 किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया था। पुलिस ने खनौरी और शंभू बॉर्डर पर आंदोलनकारी किसानों के टेंट और मंचों को बुलडोजर से गिरा दिया और ट्रैक्टर, ट्रॉलियों और अन्य उपकरणों को जबरन हटा दिया।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article