Rahul Gandhi: 2 अक्तूबर गांधी जयंती के दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर पहुंचकर सेवा की। राहुल ने यहां सेवादार बनकर बर्तन धोए। वह अन्य सिख सेवादारों के साथ बैठे और भक्तों को प्रसाद परोसने वाले बर्तन धोए।
राहुल ने धोए बर्तन
राहुल गांधी सोमवार को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में अरदास के लिए पहुंचे। अपने सिर को नीले रंग कपड़े से ढककर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने स्वर्ण मंदिर के गर्भगृह में मत्था टेका। प्रार्थना के बाद वह सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त गए और श्रद्धालुओं द्वारा उपयोग किये गए पानी के बर्तनों को साफ करके सेवा (स्वैच्छिक सेवा) भी की। राहुल गांधी के मंगलवार को सुबह धार्मिक क्रिया पालकी सेवा में भी शामिल होने की संभावना है।
राहुल इस दौरान अन्य लोगों के साथ बात भी करते रहे और बर्तन भी धोते रहे। बता दें कि राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा -2 से पहले लगातार इसी अंदाज में लोगों से मिल रहे हैं। इससे पहले वह कुलियों और बढ़ई से मिलकर उनके जैसा ही काम करने का हुनर दिखा चुके हैं।
पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बताया कि राहुल गांधी शहर के निजी दौरे पर हैं। वडिंग ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, राहुल गांधी सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने के लिए अमृतसर साहिब आए हुए हैं। यह उनकी निजी, आध्यात्मिक यात्रा है। हमें उनकी निजता का सम्मान करना चाहिए। सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वे इस यात्रा के लिए न आएं। आप सभी अपने उत्साहपूर्वक समर्थन के साथ अगली बार उनसे मिल सकते हैं।
राहुल का पंजाब दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब 2015 के मादक पदार्थ मामले में पार्टी के विधायक सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच विवाद छिड़ा हुआ है। पार्टी के कुछ नेता 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब में आप के साथ गठबंधन का भी विरोध कर रहे हैं।
