26/11 Mumbai Attack: आज 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की 18 बरसी है और इस अवसर पर देशभर में शहीदों और निर्दोष नागरिकों को याद किया जा रहा है। राष्ट्रपति से लेकर गृह मंत्री अमित शाह व अन्य नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ कड़े रुख और सुरक्षा बलों के बलिदान को नमन किया। 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की बरसी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आतंकियों से लड़ते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता के विरुद्ध सबसे जघन्य अपराध है और भारत इसके हर रूप व साजिश के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहा है।
मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीदों को किया याद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आतंकी हमले की बरसी पर शहीदों को या करते हुए एक्स पर पोस्ट में कहा - मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमलों की इस बरसी पर, मैं उन निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई और हमारे बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों और उन सभी लोगों के साहस को नमन करती हूं जिन्होंने आतंकवाद के खिलाफ निडरता से लड़ाई लड़ी। उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा हमारे राष्ट्र के हृदय में सदा के लिए अंकित रहेगी। आतंकवाद जिंदगियों को तबाह कर सकता है, लेकिन साहस, करुणा और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र की भावना को कभी नहीं तोड़ सकता। आज हम पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं और आतंकवाद को उसके सभी रूपों में समाप्त करने और अधिक शांतिपूर्ण और मानवीय विश्व की दिशा में काम करने के अपने सामूहिक संकल्प की पुष्टि करते हैं।
अमित शाह ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में अमित शाह ने लिखा कि वर्ष 2008 में आज ही के दिन मुंबई पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। उन्होंने आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन किया और इस त्रासदी में मारे गए सभी निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी।
