भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को हरियाणा के अंबाला वायु सेना अड्डे से राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी। राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को हरियाणा के अंबाला जाएंगी, जहां वह राफेल से उड़ान भरेंगी।”
राफेल लड़ाकू विमान से उड़ान भरेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फोटो- PTI)
यह उड़ान भारतीय वायु सेना की आधुनिक क्षमताओं का अनुभव करने और सशस्त्र बलों के मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है। इससे पहले, राष्ट्रपति मुर्मू ने 8 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर वायु सेना अड्डे पर सुखोई-30 MKI लड़ाकू विमान से उड़ान भरी थी।
राफेल भारत की सबसे उन्नत लड़ाकू विमानों में से एक है, जिसे फ्रांस से हासिल किया गया है। यह विमान अत्याधुनिक एवियोनिक्स, रडार प्रणाली और लंबी दूरी की मारक क्षमता से लैस है। अंबाला एयरबेस पर राफेल स्क्वाड्रन की तैनाती भारत की वायु शक्ति में एक बड़ा बदलाव लेकर आई थी, और अब राष्ट्रपति की उड़ान इस स्क्वाड्रन के लिए एक गर्व का क्षण मानी जा रही है।
