President of India Vijayadashami Greetings 2026: अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक पावन पर्व विजयादशमी (दशहरा) के अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की है।
विजयादशमी 2026: राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी ने दी देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं, सीएम योगी आज निकालेंगे विजय शोभायात्रा
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी संदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि विजयदशमी के पावन अवसर पर, मैं देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने विजयादशमी की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'विजयादशमी के पर्व का विशेष महत्व है। यह भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम को धर्मपरायणता और नैतिक आचरण के प्रतीक के रूप में पूजा जाता है। यह पर्व अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की जीत का उत्सव है।' उन्होंने आगे कहा, 'भारतीय संस्कृति नैतिकता और कर्तव्य के आदर्शों पर आधारित है। इस अवसर पर आइए, हम अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के उदात्त आदर्शों को बनाए रखने तथा समावेशी समाज और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लें।'
वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, 'आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं। उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।'
सीएम योगी की बधाई और गोरखपुर में विजय शोभायात्रा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठ के महंत योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा- 'यतो धर्मस्ततो जयः। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के आदर्शों व जीवन-मूल्यों का स्मरण कराने वाले पावन पर्व विजयादशमी की समस्त प्रदेश वासियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।' उन्होंने कहा कि यह पर्व अहंकार एवं नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, सदाचार और लोकमंगल के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
गुरु गोरक्षनाथ की पूजा के बाद विजय शोभायात्रा निकालेंगे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठ के महंत योगी आदित्यनाथ मंगलवार को विजयादशमी (दशहरा) के मौके पर गोरखपुर में गुरु गोरक्षनाथ की विशेष पूजा के बाद गोरक्षनाथ मंदिर से निकाली जाने वाली विजय शोभायात्रा का नेतृत्व करेंगे। सोमवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, तुरही, नगाड़ों और बैंड-बाजे की गूंज के बीच निकाली जाने वाली यह शोभायात्रा न केवल सनातन आस्था का प्रतीक है, बल्कि पूर्वांचल में सामाजिक एकता और सौहार्द का सबसे बड़ा संदेश भी देती है। बयान में कहा गया है कि शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान में संपन्न होगी, जहां योगी भगवान राम का पूजन और राज्याभिषेक करेंगे।
