देश

Tiger Shroff Case: पकड़े गए तीनों आरोपी अभी कोटा में, आज होगी मुंबई पुलिस रवाना, रातभर थाने में क्यों रुकना पड़ा?

कोटा एसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेन से निकलने की बात बताई। उनकी योजना जयपुर से बस के जरिए दिल्ली पहुंचने और फिर नेपाल की सीमा पार करने की थी।

Image

कोटा पुलिस की हिरासत में गैंगस्टर

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग का मामले में पकड़े गए तीनों आरोपी अभी कोटा में हैं। आज मुंबई पुलिस कोटा से तीनों आरोपियों को लेकर मुंबई के लिए दिन में रवाना होगी। तीनों को कोटा शहर के रेलवे कॉलोनी थाने में रखा हुआ है। बीती रात कोटा कोर्ट ने 48 घंटे का ट्रांजिट वारंट जारी किया था। रात को ही कोटा के एमबीएस अस्पताल में तीनों आरोपियों का मुंबई पुलिस ने मेडिकल करवाया था। मुंबई पुलिस रात को तीनों आरोपियों को कोटा से मुंबई के लिए निकली, लेकिन सुरक्षा कारणों की वजह से रात को फैसला बदला जिसके बाद कोटा रेलवे कॉलोनी थाने में रात काटी।

क्राइम ब्रांच की 20 विशेष टीमें बनाई गई थीं

मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रोशन ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की 20 विशेष टीमें बनाई गई थीं। फायरिंग के बाद आरोपी मुंबई से निकलकर सूरत की ओर गए। इसके बाद उन्होंने जयपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ी। पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और राजस्थान पुलिस से संपर्क कर कोटा रेलवे स्टेशन पर उन्हें पकड़ने की योजना बनाई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को मुंबई के अंधेरी इलाके में छोड़ दिया था। इसके बाद वे स्थानीय ट्रेन और कैब के जरिए आगे बढ़े और पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हो गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भागने के दौरान उन्हें किसने मदद दी और क्या इस पूरी योजना में अन्य लोग भी शामिल थे।

कोटा एसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेन से निकलने की बात बताई। उनकी योजना जयपुर से बस के जरिए दिल्ली पहुंचने और फिर नेपाल की सीमा पार करने की थी। हालांकि, पुलिस ने उन्हें कोटा में ही पकड़ लिया। आरोपियों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां छिपाए गए या किसके पास हैं।

कोटा पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया। मुंबई पुलिस ने उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर महाराष्ट्र ले जाने के लिए 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड हासिल की। आरोपियों में बिहार के बेगूसराय निवासी रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी की उम्र 18 साल और बाकी दोनों की उम्र 22 साल है।

जैकी श्रॉफ ने मुख्यमंत्री फडणवीस से की मुलाकात

इस बीच, अभिनेता जैकी श्रॉफ ने सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात बोरीवली में बप्पी लाहिड़ी मार्ग के नामकरण कार्यक्रम के दौरान हुई। यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना से फिल्म जगत में चिंता का माहौल है। इससे पहले रविवार देर रात उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके घर पहुंचे थे।

शिंदे ने मुलाकात के बाद अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत देते हुए कहा था कि अब आपराधिक नेटवर्क को फिर से जड़ से उखाड़ने का समय आ गया है। उन्होंने कहा था कि अपराधियों को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article