देश

उन्नाव सड़क हादसे से हाहाकार, पीएम से लेकर राष्ट्रपति ने जताया शोक, पीएमओ ने किया 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान

दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई जिनमें 14 पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में 19 लोग घायल हो गए हैं। पीएमओ की ओर से पीड़ित परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया गया है।

Image

उन्नाव में सड़क हादसा, 18 की मौत

Unnao Road Accident: उन्नाव जिले में बुधवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस और टैंकर की टक्कर में 18 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना तड़के करीब पांच बजे बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में जोजीकोट गांव के पास हुई। इस दर्दनाक हादसे के बारे में सुनकर हर कोई दुखी हुआ। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राष्ट्रपति और विपक्षी नेताओं ने शोक जताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुर्घटना पर दुख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री ने 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। पीएमओ ने कहा कि उन्नाव दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ (PMNRF) से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया और इसे 'बेहद दुखद' बताया। राष्ट्रपति भवन के एक आधिकारिक बयान में 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा गया, उन्नाव, उत्तर प्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखदाई है। ऐसी आकस्मिक मृत्यु का शिकार हुए लोगों के परिवार के सदस्यों के प्रति मैं गहन शोक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

राजनाथ ने शोक जताया

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस दुखद दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने पोस्ट किया, उन्नाव, उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटना बेहद दुखद और हृदय विदारक है। स्थानीय प्रशासन घायलों के इलाज में जुटा हुआ है। जिन लोगों ने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोया है, उनकी अपूरणीय क्षति पर मैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। उनके परिवारों को इस दुख को सहन करने के लिए शक्ति दे।

योगी बोले- अत्यंत दुखद और हृदय विदारक

वहीं, मुख्यमंत्री योगी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

खरगे ने जताया शोक

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई दुखद घटना पर दुख जताते हुए कहा, उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 18 लोगों की मौत, अत्यंत दुखद है। हम पीड़ितों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ितों की मदद में कोई कसर न छोड़ें।

18 की मौत 19 घायल

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि बिहार के सिवान से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस तेज रफ्तार में थी और उसने दूध के टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी। इससे पहले कहा गया था कि टैंकर ने बस को टक्कर मारी थी। जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसबी शिरोडकर ने बताया कि दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई जिनमें 14 पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में 19 लोग घायल हो गए हैं।

क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ अरविंद कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और टैंकर दोनों पलट गये। उन्होंने बताया कि जान गंवाने वालों में दोनों वाहन के चालक भी शामिल हैं। कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बांगरमऊ कोतवाली और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article