मेरठ में एक ही ट्रैक पर दौड़ेंगी नमो भारत और मेट्रो; आज 90 मिनट में 12930 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे PM मोदी

अपने मेरठ दौरे से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने शनिवार को लिखा कि उनकी सरकार देश भर में रेल संपर्क के तेजी से विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। वह रविवार को मेरठ में देश की सबसे तेज 'मेरठ मेट्रो'और 'नमो भारत ट्रेन'का उद्घाटन करेंगे। पीएम ने कहा कि इस अवसर पर मुझे कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने का भी मौका मिलेगा। हम उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में रेल संपर्क के तेजी से विस्तार के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 22 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के मेरठ दौरे पर रहेंगे। यहां वे कई महत्वपूर्ण परिवहन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। उनका कार्यक्रम शताब्दी नगर स्थित नमो भारत स्टेशन से शुरू होगा, जहां वे नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मेट्रो में सवार होकर मेरठ साउथ स्टेशन तक यात्रा करेंगे। दोपहर करीब एक बजे वे लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान पीएम एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी का आज का दौरा कुल 90 मिनट का होगा।

PM Narendra Modi Inaugurates Meerut Metro and Namo Bharat RRTS

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेरठ यात्रा और बड़े विकास कार्यों का उद्घाटन (तस्वीर-X)

82 किमी लंबा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित

इस दौरे का प्रमुख आकर्षण 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का राष्ट्र को समर्पण है। यह देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) परियोजना है, जिसे शहरों के बीच तेज और आधुनिक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए विकसित किया गया है। इस चरण में दिल्ली के सराय काले खान से न्यू अशोक नगर तक 5 किमी और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी के हिस्सों का संचालन शुरू होगा।

देश के सबसे तेज इंटरसिटी नेटवर्क में शामिल

इस हाई-स्पीड सिस्टम की डिजाइन गति 180 किमी प्रति घंटा तक है, जो इसे देश के सबसे तेज इंटरसिटी नेटवर्क में शामिल करती है। इसके माध्यम से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे शहर दिल्ली से कम समय में जुड़ सकेंगे।

End of Feed