Captain Smit Machchhar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाईदुबई की घटना में बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने उनके साहस, सूझबूझ और मुश्किल परिस्थिति में धैर्य बनाए रखने की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरा देश कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। वीडियो कॉल के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने प्रधानमंत्री से बातचीत को अपने लिए बेहद खास पल बताया। स्मित ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उन्हें पीएम मोदी से बात करने का मौका मिलेगा।
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मिथ मच्छार से बातचीत की। PTI
'आप मेरे सबसे बड़े आदर्श हैं'
बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि वह उनके सबसे बड़े आदर्श हैं। पीएम मोदी ने भी कैप्टन स्मित के साहस की सराहना करते हुए कहा कि देश गर्व के साथ कह सकता है कि भारतीय दूसरों की जान लेने वाले नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं।
पीएम मोदी ने की स्मित की मां की तारीफ
प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित की मां गीता बेन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्मित की मां ने उन्हें भगवद्गीता के मूल्यों और शिक्षाओं के साथ बड़ा किया है। स्मित ने बताया कि प्रधानमंत्री का फोन आने से वह बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए ऐसा पल है, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।
मुश्किल वक्त में सुनाते हैं हनुमान चालीसा
कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री को बताया कि जब भी वह किसी मुश्किल परिस्थिति में होते हैं, तो हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उन्होंने कहा कि फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान जब वह मुश्किल स्थिति में थे, तब भी वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। कैप्टन स्मित की बहादुरी और सूझबूझ की घटना के बाद दुनियाभर में चर्चा हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहले उनके परिवार से बातचीत कर चुके हैं और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।
कैप्टन स्मित ने दिखाया असाधारण धैर्य और साहस
पीएम मोदी ने कहा, “कल हुई घटना में भारत के कैप्टन स्मित ने असाधारण धैर्य, सूझबूझ और साहस का प्रदर्शन किया। जैसा कि आज इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा, एक भारतीय ने 9/11 जैसी त्रासदी को टाल दिया। हमारे देश के प्रत्येक नागरिक के लिए स्मित का शौर्य अपार गर्व का विषय है।”
नेतन्याहू ने जमकर की तारीफ
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज को बताया, दुबई से इजराइल जा रही एक उड़ान में, जब विमान इजराइल के पास पहुंच रहा था, तभी एक पायलट ने दूसरे पायलट पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि उसने उसे चाकू मारा या कुल्हाड़ी से वार किया। वह बुरी तरह घायल हो गया और खून बहने लगा। विमान बेकाबू होकर नीचे की ओर गिरने लगा। वहां मौजूद पायलट, जो एक भारतीय पायलट था, बुरी तरह घायल हो गया है। मुझे लगता है कि वह इस समय अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। लेकिन उसने अविश्वसनीय साहस दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल कर ली।
फ्लाइट में हुआ क्या था?
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को कॉकपिट के अंदर हुई झड़प के दौरान पायलट कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को स्थिति में हस्तक्षेप करने का मौका मिला। घटना के बाद विमान का रुख बदला गया और इसे सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतारा गया। कैप्टन स्मित मच्छार का फिलहाल ताबुक के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
