ICC Champions Trophy 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में मिली जीत की बधाई दी। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को धूल चटा दी है। इसी के साथ ही 12 साल का सूखा समाप्त हो गया।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
पीएम मोदी ने 'एक्स' पर टीम इंडिया को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा, ''एक असाधारण मुकाबला और एक असाधारण नतीजा। आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी घर लाने के लिए हमें अपनी क्रिकेट टीम पर गर्व है। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए हमारी टीम को बधाई।''
भारत ने जीती चैंपियंस ट्रॉफी
भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (76 रन) के अर्धशतक से रविवार को यहां फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी 2025 अपने नाम की। यह भारत का लगातार दूसरा आईसीसी खिताब है। फाइनल में 252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 49 ओवर तक छह विकेट पर 254 रन बनाकर जीत दर्ज की।
