आज यानि कि बुधवार (28 September 2022) को लता मंगेशकर जयंती है। इस अवसर पर उनके सम्मान में अयोध्या में एक चौक का निर्माण किया गया है। जिसका उद्घाटन यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया। इस कार्यक्रम के लिए पीएम मोदी ने एक वीडियो संदेश भेजा था। इस संदेश में पीएम मोदी ने उस वाक्ये को याद किया है, जिसमें लता मंगेशकर ने उन्हें फोन किया था। पीएम ने कहा- "जब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन संपन्न हुआ था, तो मेरे पास लता दीदी का फोन आया था। वो बहुत खुश थीं, आनंद में थी। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि आखिरकार राम मंदिर का निर्माण शुरू हो रहा है।"
अयोध्या में लता मंगेशकर चौक का उद्घाटन (फोटो- @BJP&IANS)
पीएम मोदी ने भेजे गए अपने संदेश में कहा- "लता दीदी के साथ जुड़ी मेरी कितनी ही यादें हैं, कितनी ही भावुक और स्नेहिल स्मृतियां हैं। जब भी मेरी उनसे बात होती, उनकी वाणी की युग-परिचित मिठास हर बार मुझे मंत्र-मुग्ध कर देती थी। दीदी अक्सर मुझसे कहती थी कि मनुष्य उम्र से नहीं, कर्म से बड़ा होता है।"
आगे पीएम मोदी ने कहा कि लता दीदी, मां सरस्वती की एक ऐसी ही साधिका थीं, जिन्होंने पूरे विश्व को अपने दिव्य स्वरों से अभिभूत कर दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में लता मंगेशकर चौक पर स्थापित की गई मां सरस्वती की विशाल वीणा संगीत की साधना का प्रतीक बनेगी। अपने संदेश में पीएम मोदी ने सीएम योगी की भी इस चौक के लिए जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- "मैं इस अभिनव प्रयास के लिए योगी जी की सरकार का, अयोध्या विकास प्राधिकरण का और अयोध्या की जनता का हृदय से अभिनंदन करता हूं।"
जब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन संपन्न हुआ था, तो मेरे पास लता दीदी का फोन आया था।वो बहुत खुश… t.co/MNLVNS8SjD
— ANI (@ANI) Sep 28, 2022
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि आज उन्हें लता मंगेशकर का गाया वो भजन भी याद आ रहा है- मन की अयोध्या तब तक सूनी, जब तक राम ना आए। उन्होंने आगे कहा- "अयोध्या के भव्य मंदिर में श्रीराम आने वाले हैं और उससे पहले करोड़ों लोगों में राम नाम की प्राण प्रतिष्ठा करने वाली लता दीदी का नाम अयोध्या शहर के साथ हमेशा के लिए स्थापित हो गया है।"
