पश्चिम एशिया में जारी जंग के माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सऊदी अरब के समकक्ष और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों के बीच पश्चिम एशिया में एक महीने से अधिक समय से चल रहे युद्ध पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान
पीएम मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की हुई बात
उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि फोन पर हुई बातचीत के दौरान उन्होंने दोहराया कि भारत पश्चिम एशिया क्षेत्र के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा करता है। उन्होंने लिखा, 'मैंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री, महामहिम प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर चर्चा की। इस दौरान मैंने क्षेत्रीय ऊर्जा अवसंरचना पर हमलों की भारत की निंदा को दोहराया।'
'शिपिंग लाइनों को चालू रखना आवश्यक'
उन्होंने आगे कहा कि वार्ता के दौरान हम दोनों इस बात पर सहमत थे कि शिपिंग लाइनों को चालू रखना आवश्यक है।उन्होने बताया, 'हम नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और जहाजरानी मार्गों को खुला और सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर सहमत हुए। सऊदी अरब में भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए उनके निरंतर समर्थन के लिए मैंने उन्हें धन्यवाद भी दिया।
ट्रंप ने भी हाल ही में पीएम मोदी को किया था फोन
इससे पहले पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया संकट को लेकर कई वैश्विक नेताओं से बात की है। इस सप्ताह की शुरुआत में ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन किया था। उस दौरान दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का उपयोगी आदान-प्रदान हुआ था। उन्होंने आगे कहा कि भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है और यह सुनिश्चित करना कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला, सुरक्षित और सुलभ बना रहे,पूरी दुनिया के लिए आवश्यक है।
