Manipur News: मणिपुर सरकार ने एक बम विस्फोट में दो बच्चों की मौत के बाद हुई हिंसा के मद्देनजर मंगलवार को इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया।इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर और काकचिंग के जिलाधिकारियों ने मंगलवार से अपने-अपने जिलों में कर्फ्यू लागू करने का आदेश जारी किया।
मणिपुर में दो बच्चों की मौत के बाद हुए विरोध प्रदर्शन
आदेश में कहा गया है, 'सात अप्रैल से अगले आदेश तक किसी भी व्यक्ति का अपने निवास स्थान से बाहर निकलना प्रतिबंधित है। यह आदेश कानून व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक आपातकालीन और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाली सरकारी एजेंसियों पर लागू नहीं होगा।'
वहीं इस घटना के विरोध में मणिपुर में विरोध प्रदर्शन किए गए, जिसमें लोगों ने इस घटना के खिलाफ अपनी अवाज उठाई, हालांकि कुछ जगहों पर ये प्रदर्शन उग्र भी हुए।
इससे पहले दिन में, एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी गई कि मणिपुर सरकार ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर के पांच घाटी जिलों में ब्रॉडबैंड, वीसैट और वीपीएन सहित इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को तीन दिनों के लिए निलंबित करने का आदेश दिया था।
भीड़ ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक शिविर पर धावा बोला
बिष्णुपुर जिले में बम विस्फोट में दो बच्चों की मौत के विरोध में एक भीड़ ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक शिविर पर धावा बोल दिया, जिसके बाद हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना रात करीब एक बजे हुई, जब संदिग्ध उग्रवादियों ने मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में एक घर पर बम फेंका, जिससे पांच साल के एक लड़के और छह महीने की एक बच्ची की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इस हमले को एक 'बर्बर कृत्य' बताया
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इस हमले को एक 'बर्बर कृत्य' बताया और लोगों को आश्वासन दिया कि इस अपराध के ज़िम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी तथा कानून के तहत उनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा।
