पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में मेडिकल की पढ़ाई कर रही छात्रा गायत्री कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत हो हई। घटना के बाद देर रात हॉस्टल के बाहर लोगों ने भारी हंगामा किया। वहीं. कुछ असामाजिक तत्वों ने हॉस्टल पर पथराव किया और ज्वलनशील पदार्थ से आग लगाने की कोशिश की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जहानाबाद में मृतक छात्रा के माता-पिता से प्रशांत किशोर ने की मुलाकात।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल)
परिजनों से मिलने जहानाबाद पहुंचे प्रशांति किशोर
इस बीच, छात्रा की मौत को लेकर सियासत भी गरमा गई है। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर छात्रा के परिजनों से मिलने उनके पैतृक गांव जहानाबाद पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस को शुरुआती स्तर पर हुई गलतियों को सुधारना चाहिए। प्रशांत किशोर ने यह भी ऐलान किया कि वह इस मामले को लेकर पटना में डीजीपी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
यौन हिंसा की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता: डॉक्टर
वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है। रिपोर्ट में डॉक्टरों ने यह स्पष्ट किया है कि यौन हिंसा की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने पुलिस की शुरुआती जांच पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस ने ड्रग्स ओवरडोज से मौत की बात कही थी, लेकिन परिजनों के दबाव और कैंडल मार्च के बाद अब पुलिस यौन हिंसा की आशंका स्वीकार कर रही है। शक्ति यादव ने कहा कि चाहे राजधानी हो या किसी अन्य जिला, ऐसी दरिंदगी पर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
दोषियों के खिलाफ समयबद्ध तरीके से कठोरतम कार्रवाई की जाएगी: नीरज कुमार
उधर, जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने घटना को दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर प्रशासन ने जानकारी साझा की थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए अनुशंसा की गई थी। रिपोर्ट आने के बाद जो साक्ष्य सामने आए हैं, वे निश्चित रूप से चिंताजनक हैं। नीरज कुमार ने बताया कि मामले में गिरफ्तारी भी हुई है और तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ समयबद्ध तरीके से कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। छात्रा की मौत को लेकर राज्य में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
