National Defence Academy : भारतीय सेना को 355 नए अधिकारी मिले हैं। पुणे में शनिवार को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के पासिंग आउट परेड में इन जांबाज सैनिकों ने साहस, अनुशासन-समर्पण और देश सेवा का अद्भुत नजारा पेश किया। ये सभी अफसर एनडीए के 15वें कोर्स का हिस्सा हैं। एनडीए के खेत्रपाल परेड ग्राउंड में आयोजित परेड का अवलोकन एवं समीक्षा भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किया।
एनडीए में पासिंग आउट परेड।
कैडेट्स ने अपने अनुभव साझा किए
एनडीए के 150वें कोर्स के दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स ने इस प्रशिक्षण के बारे में अपने अनुभव साझा किए। ‘पी’ स्क्वाड्रन के बीसीसी सुशांत वर्मा, जिन्होंने सोशल साइंस स्ट्रीम में प्रथम स्थान प्राप्त किया, उन्होंने 'मैं पढ़ाई में एक औसत छात्र था। एनडीए में आने के बाद मैंने बुनियादी बातों पर ध्यान देना शुरू किया। इसी वजह से मैं यह उपलब्धि हासिल कर पाया।'
‘एम’ स्क्वाड्रन के एसीए पीयूष रौतेला, जिन्होंने साइंस स्ट्रीम में प्रथम स्थान हासिल किया, उन्होंने कहा, 'आज तक मैंने जो कुछ भी हासिल किया है, वह मेरे माता-पिता, बहन और उन प्रशिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है, जिन्होंने मुझे यहां तक पहुंचने में मदद की। मैं अपने परिवार में रक्षा बलों में शामिल होने वाला पहला व्यक्ति हूं।'
कैडेट रणविजय ने साइंस स्ट्रीम में प्रथम स्थान प्राप्त किया
‘जे’ स्क्वाड्रन के कैडेट रणविजय त्यागी, जिन्होंने कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में प्रथम स्थान प्राप्त किया, उन्होंने कहा, 'मैं अपने माता-पिता का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने बचपन से ही मुझमें सीखने की आदत विकसित की। मैंने अपने वरिष्ठों (सीनियर्स) से मदद और मार्गदर्शन लिया और उनकी सहायता से ही यह सफलता प्राप्त कर सका।'
‘जी’ स्क्वाड्रन के कैडेट मन्नेला नितिन, जिन्होंने बीटेक स्ट्रीम में प्रथम स्थान हासिल किया, उन्होंने कहा, 'एनडीए में मुझे नौसेना सेवा आवंटित हुई है। स्कूल के शिक्षकों और अधिकारियों ने हमेशा मुझे प्रेरित किया है। डॉ. किरण बेदी से ट्रॉफी और पुरस्कार प्राप्त करना मेरे लिए बेहद गर्व का क्षण है। यह एक ऐसा पल है जिसे मैं जीवनभर याद रखूंगा।'
एनडीए में तैयार होते हैं तीनों सेनाओं के लिए अफसर
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) भारत की प्रमुख सैन्य प्रशिक्षण संस्था है। खड़गवासला स्थित इस संस्थान में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के कैडेटों को संयुक्त रूप से प्रशिक्षण दिया जाता है। NDA में प्रवेश संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित परीक्षा और सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (SSB) साक्षात्कार के माध्यम से होता है। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को सैन्य शिक्षा के साथ-साथ स्नातक स्तर की अकादमिक पढ़ाई भी कराई जाती है। NDA का उद्देश्य देश के लिए कुशल, अनुशासित और नेतृत्व क्षमता से संपन्न सैन्य अधिकारी तैयार करना है।
