पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के एक्शन से बौखलाए पाकिस्तान एक के बाद एक भारत को नुकसान पहुंचाने के पैंतरे अपना रहा है, हालांकि उसे इसमें असफलता ही हाथ लग रही है। पाकिस्तानी साइबर हैकर, भारत के महत्वपूर्ण वेबसाइटों को निशाना बनाने की कोशिश शुरू कर दी है।
पाकिस्तानी हैकरों के निशाने पर भारतीय वेबसाइट
पहलगाम आतंकी हमले को अंजाम देने और हर दिन नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने के बाद, पाकिस्तान ने अब उन जनकल्याण और शैक्षणिक वेबसाइटों पर हमले करने शुरू कर दिए हैं जो सार्वजनिक रूप से सुलभ हैं। वे भारत के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय नेटवर्क में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। “IOK Hacker” (Internet of Khilafah) के नाम से संचालित यह समूह वेबसाइटों को नुकसान पहुंचाने, ऑनलाइन सेवाओं को बाधित करने और व्यक्तिगत जानकारी चुराने की कोशिश कर रहा था। जिस भारत ने समय रहते न केवल ट्रेस किया बल्कि पाकिस्तानी हैकरों की उनतक पहुंच भी रोक दी।
कहां-कहां हुए साइबर हमले
खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, इससे जुड़ी चार घटनाएं सामने आई हैं। आर्मी पब्लिक स्कूल (APS) श्रीनगर और APS रानीखेत की वेबसाइटों को भड़काऊ प्रचार सामग्री से निशाना बनाया गया; APS श्रीनगर पर डिस्ट्रीब्यूटेड डिनायल ऑफ सर्विस (DDoS) हमला भी किया गया। आर्मी वेलफेयर हाउसिंग ऑर्गनाइजेशन (AWHO) के डाटाबेस में सेंध लगाने का प्रयास भी नाकाम रहा, वहीं भारतीय वायु सेना प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन की वेबसाइट को हैक करने की कोशिश भी की गई। इन सभी साइटों को समय पर अलग कर लिया गया और सुधारात्मक कार्रवाई की गई; किसी भी संवेदनशील या गोपनीय नेटवर्क को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
