India Pakistan Live: भारत ने एक बार फिर से पाकिस्तान के मिसाइल और ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया है। शुक्रवार और शनिवार की रात को पाकिस्तान ने भारत कुल 26 मिसाइल-ड्रोन अटैक किए, जिसमें से एक को भी भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने सफल नहीं होने दिया और आसमान में ही मार गिराया। बदले में भारत ने पाकिस्तान के तीन एयरबेस उड़ा डाले हैं।
कहां-कहां पाकिस्तान ने की हमले की कोशिश
भारत ने शुक्रवार रात श्रीनगर हवाई अड्डे सहित देश के उत्तर और पश्चिम में 26 स्थानों पर पाकिस्तान की ओर से किए गए ताजा ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया। साथ ही उसने इस्लामाबाद पर हवाई हमलों के लिए अपने नागरिक विमानों को “ढाल” के रूप में इस्तेमाल करने और उनकी उड़ानों को खतरे में डालने का आरोप लगाया। पाकिस्तान ने लगातार तीसरी रात कई शहरों को निशाना बनाया। इस बार उत्तरी कश्मीर के बारामूला से लेकर गुजरात के भुज तक को निशाना बनाया गया। सेना ने कहा, “उत्तर में बारामूला से लेकर दक्षिण में भुज तक, पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर 26 स्थानों पर ड्रोन देखे गए हैं।"
ड्रोन से कई जगह हमले की कोशिश
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डों और एयरबेस सहित अन्य स्थानों पर ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया है। ड्रोन बारामूला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुआरबेट और लक्की नाला में देखे गए।

पाकिस्तानी ड्रोनों के मलबे
कई शहरों में ब्लैकआउट
श्रीनगर में रक्षा अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर हवाई अड्डे और दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा एयरबेस समेत कई प्रतिष्ठानों पर ड्रोन हमलों को शुक्रवार देर रात नाकाम कर दिया गया जबकि जम्मू और दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्सों में धमाकों की आवाज़ सुनी गई। यह कई सीमावर्ती जिलों के स्थानीय लोगों के लिए अंधेरे और भय की लगातार दूसरी रात थी, क्योंकि पाकिस्तान की ओर से हवाई खतरों को देखते ही सायरन बजने लगे, जिनका सशस्त्र बलों ने प्रभावी ढंग से मुकाबला किया। श्रीनगर और जम्मू से लेकर पंजाब के कई जिलों और राजस्थान के जैसलमेर और जोधपुर तक, सीमावर्ती क्षेत्रों का एक बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूब गया और सार्वजनिक उद्घोषणाएं की गईं, जिनमें लोगों से एहतियात के तौर पर अपने घरों की लाइटें बंद करने के लिये कहा गया। जम्मू और सांबा जिलों के सुचेतगढ़ और रामगढ़ सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी भारी सीमा पार से गोलाबारी जारी है।

पाकिस्तानी ड्रोन के मलबे
पाकिस्तान के तीन एयरबेस ध्वस्त
पाकिस्तान ने शनिवार की सुबह दावा किया कि उसके तीन एयरबेसों को भारतीय मिसाइलों और ड्रोनों ने निशाना बनाया। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने इस्लामाबाद में सुबह करीब 4 बजे जल्दबाजी में बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नूर खान (चकलाला, रावलपिंडी), मुरीद (चकवाल) और रफीकी (झांग जिले में शोरकोट) एयरबेसों को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया, "लेकिन वायुसेना की सभी संपत्तियां सुरक्षित हैं।" उन्होंने दावा किया कि भारत ने अपने जेट विमानों से हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलें दागी हैं।
