देश

जन्म से ही झूठा है पाकिस्तान; उसके PM और अन्य के झूठ बोलने पर अचरज कैसा : विक्रम मिसरी

पाकिस्तान एक ऐसा देश है, जिसने जन्म लेते ही झूठ बोलना शुरू कर दिया था। यह कहना है विदेश सचिव विक्रम मिसरी का जो यह जानकारी देने के लिए मीडिया के सामने आए थे कि पाकिस्तान ने कल रात भारत पर मिसाइल से हमले की कोशिश की और उसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

Image

विदेश सचिव विक्रम मिसरी

Photo : Twitter

पाकिस्तान के साथ तनाव और Operation Sindoor के बाद विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने लगातार दूसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जहां उन्होंने बुधवार को Operation Sindoor के संबंध में जानकारी दी, वहीं आज यानी गुरुवार 8 मई उन्होंने पाकिस्तान की तरफ से 7-8 मई की रात भारत पर हमले की कोशिश और भारत के जवाब के बारे में जानकारी दी। इस दौरान पाकिस्तान की तरफ से लगातार बोले जा रहे झूठ पर जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने पाकिस्तान को जन्म से ही झूठा करार दिया।

विदेश सचिव से पूछा गया कि पाकिस्तान की तरफ से भारतीय फाइटर जेट गिराए जाने का झूठ फैलाया जा रहा है। जब सबूत मांगे जाते हैं तो वह कहते फिरते हैं कि यह तो हमने सोशल मीडिया पर देखा है। उन्होंने कहा पाकिस्तान अपने जन्म से ही झूठ बोलता आ रहा है।

उन्होंने कहा, साल 1947 में अलग देश बनने के बाद ही पाकिस्तान ने कश्मीर में अपने सैनिक भेजे। लेकिन उस समय उसने संयुक्त राष्ट्र से भी झूठ कहा कि वह कबायली हैं, न कि उसके सैनिक। जब बाद में जांच की गई तो उसे मानना पड़ा कि वह उसके सैनिक थे। पाकिस्तान की यह झूठ की यात्रा 75 साल से चल रही है।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि आज अगर पाकिस्तान प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और झूठ बोल रहे हैं तो इसमें अचरज की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा, उनके झूठ का सही समय पर जवाब दिया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article