CWC Meet: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम यहां पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों का कहना है कि संभवत: गर्मी के कारण ऐसा हुआ है। उनके पुत्र एवं लोकसभा सदस्य कार्ति चिदंबरम ने कहा कि उनके पिता की हालत ठीक है और चिकित्सक उनकी जांच कर रहे हैं।
पी चिदंबरम
चिदंबरम की कब बिगड़ी तबीयत?
पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम (79) पार्टी की विस्तारित कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के बाद साबरमती आश्रम में आयोजित भजन संध्या के लिए पहुंचे थे, जहां वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एंबुलेस के माध्यम से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कार्ति चिदंबरम ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मेरे पिता की हालत ठीक है। चिकित्सक उनकी जांच कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस का 84वां अधिवेशन, सरदार पटेल से जुड़ा विशेष प्रस्ताव पारित; जयराम बोले- नेहरू-पटेल को लेकर फैलाया जा रहा झूठ
कांग्रेस का 84वां अधिवेशन
कांग्रेस ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की विरासत का उल्लेख करते हुए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार किया और कहा कि सत्तारूढ़ दल की "धार्मिक ध्रुवीकरण और विभाजन की राजनीति" का वह पटेल के मार्ग का अनुसरण करते हुए मुकाबला करेगी। कांग्रेस की यहां 'सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय स्मारक' पर आयोजित विस्तारित कार्य समिति की बैठक में पूर्व उप प्रधानमंत्री की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, "आज, हमने ऐतिहासिक सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक पर एक विस्तारित कार्य समिति की बैठक की। यह बैठक पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है, क्योंकि इस वर्ष महात्मा गांधी के कांग्रेस की अध्य़क्षता की 100वीं वर्षगांठ और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाई जा रही है। "
उन्होंने कहा कि बैठक में पटेल को लेकर एक विशेष प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया, "आज धार्मिक ध्रुवीकरण और सांप्रदायिकता की विचारधारा देश को नफरत की खाई में धकेल रही है। इसलिए, एक बार फिर कांग्रेस पार्टी धार्मिक ध्रुवीकरण के उन्माद से लड़ते हुए 'लौह पुरुष' सरदार पटेल का दृढ़ता से अनुकरण करने को लेकर दृढ़ संकल्पित है।"
