Samajik Parivartan Morcha Rally : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके नसीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद और AIMIM के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी गुरुवार को लखनऊ में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की रैली होगी। इस रैली में लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। यूपी चुनाव के लिए चंद्रशेखर की आजाद सामाज पार्टी (कांशीराम) और ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन (AIMIM) ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है।
लखनऊ में ओवैसी-आजाद की रैली। तस्वीर-AI
403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे
ओवैसी और आजाद शहीद पथ स्थित रमाबाई अंबेडकर मैदान में 'बहुजन स्वराज संकल्प महारैली' को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। मोर्चे की घोषणा 12 नवंबर को लखनऊ में की गई थी। दोनों दलों ने ऐलान किया है कि वे राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और चंद्रशेखर आज़ाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाएगा। मोर्चे का लक्ष्य दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट करना है, जो राज्य के कुल मतदाताओं का लगभग 40 प्रतिशत हैं। इनमें अनुसूचित जाति करीब 21 प्रतिशत और मुस्लिम लगभग 19 प्रतिशत हैं। गठबंधन खुद को ऐसे विकल्प के रूप में पेश कर रहा है, जो भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोक सके।
रैली में कुछ बड़े राजनीतिक ऐलान' हो सकते हैं
आजाद समाज पार्टी के नेता और लखनऊ कैंट से प्रत्याशी अनिकेत धनुक ने कहा कि तैयारियां जोरों पर हैं और रैली में '5 लाख से कम लोग नहीं' पहुंचेंगे। वहीं AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने संकेत दिया कि 26 नवंबर को 'कुछ बड़े राजनीतिक ऐलान' हो सकते हैं, जो 2027 के चुनाव के लिए गठबंधन की स्थिति को मजबूत करेंगे। रैली से पहले दोनों नेताओं ने संयुक्त जनसंपर्क तेज कर दिया है। 21 नवंबर को उन्होंने सहारनपुर में आज़ाद के आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और साथ भोजन किया। इस दौरान उन्होंने दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ कथित भेदभाव, पुलिस एनकाउंटर तथा मस्जिदों और मदरसों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। दोनों नेताओं ने "संविधान के अनुसार" शासन चलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ओवैसी से चुनाव न लड़ने की अपील
संविधान दिवस के दिन रैली आयोजित करना सोची-समझी रणनीति मानी जा रही है। घटनाक्रम से अवगत एक नेता के अनुसार, नेताओं ने गठबंधन को सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के मंच के रूप में पेश करने की कोशिश की है। इस बीच रैली से पहले लखनऊ में कई जगहों पर ओवैसी को संबोधित करते हुए होर्डिंग्स लगे हैं। इसमें ओवैसी से खामोश रहने, मुसलमानों पर रहम करने की अपील की गई है। ये होर्डिंग्स उम्मते मुस्लिम की तरफ से लगाई गई हैं। साथ ही AIMIM नेता से चुनाव न लड़ने की अपील भी की गई है।
