Air India advisory: अमेरिका में तकनीकी वजह से विमान सेवा प्रभावित होने का असर भारतीय विमानन कंपनी एयर इंडिया पर भी पड़ा है। एयर इंडिया ने अमेरिका के सभी हवाई अड्डों पर संचार सेवाओं में आई तकनीकी खराबी के कारण देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप लागू होने के बाद अमेरिका से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों में संभावित देरी और व्यवधान को लेकर ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। हालांकि, अमेरिका ने विमानों के उड़ान पर लगी रोक अब हटा दी है और उड़ानें अब धीरे-धीरे सामान्य होने की खबर है।
यूएस विमान संकट पर एयर इंडिया का बयान।
विमानों के प्रस्थान पर असर पड़ा-AI
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एयरलाइन ने कहा, 'अमेरिका में एयर ट्रैफिक संचालन को प्रभावित करने वाली संचार सेवाओं में आई खराबी के कारण फिलहाल सभी हवाई अड्डों पर देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप लागू है।' एयर इंडिया के मुताबिक, इसके चलते अमेरिका के विभिन्न हवाई अड्डों से विमानों के प्रस्थान पर असर पड़ा है। इसका प्रभाव एयर इंडिया की अमेरिका से आने-जाने वाली उड़ानों पर भी पड़ सकता है।
उड़ानों की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह
एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें और उसी के अनुसार एयरपोर्ट के लिए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। एयर इंडिया ने कहा कि उसकी टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जैसे-जैसे नई जानकारी उपलब्ध होगी, यात्रियों के साथ अपडेट साझा किए जाएंगे।
9/11 के बाद दूसरी बार रोकी गईं देश भर में उड़ानें
अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने क्षेत्रीय हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों में संचार संबंधी समस्याओं के कारण उत्पन्न 'असाधारण परिस्थितियों’का हवाला देते हुए शुक्रवार दोपहर देशभर में सभी उड़ानें रोक दीं। अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों के बाद यह दूसरा मौका है जब देशभर में उड़ानें रोकी गई हैं। इन हमलों के बाद इससे पहले जनवरी 2023 में एफएए की एक महत्वपूर्ण कंप्यूटर प्रणाली में खराबी आने के कारण देशभर में उड़ानें रोकी गई थीं। देश के आंतरिक सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने इस समस्या के लिए दूरसंचार सेवाओं में आई बाधा को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अब तक किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।
विमान सेवाओं पर पड़ा व्यापक असर
हालांकि, विमान सेवाएं बाधित होने से व्यापक असर पड़ा और शुक्रवार देर रात तक हजारों निर्धारित उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई। इससे घर लौट रहे यात्रियों, शादी समारोहों में शामिल होने जा रहे लोगों और सप्ताहांत में यात्रा की योजना बनाने वाले अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के अटॉर्नी जेफ डबनर ने कहा, 'यह निराशाजनक है। ऐसा लगता है कि यह सामान्य देरी से कहीं अधिक गंभीर मामला है। मैं जानना चाहता हूं कि आखिर ऐसा क्यों हुआ।’
संचार संबंधी समस्या की जांच जारी
डबनर की अलास्का एयरलाइंस की उड़ान लॉस एंजिलिस से वाशिंगटन डीसी जाने वाली थी और विमान उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसे रोक दिया गया। एफएए की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, शुक्रवार को 'असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों’से उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया गया। अमेरिका के परिवहन मंत्री शॉन डफी ने बताया कि एजेंसी देशभर में हवाई अड्डों के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को निर्देश देने वाले 22 क्षेत्रीय हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों को प्रभावित करने वाली संचार संबंधी समस्या की जांच कर रही है।
कम से कम 600 उड़ान के मार्ग बदले गए
आंतरिक सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने 'व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में पत्रकारों से कहा कि अब तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि 'यह हमारे खिलाफ कोई दुर्भावनापूर्ण हमला था। फिलहाल यह केवल दूरसंचार सेवाओं में आई बाधा का मामला है।’ मुलिन ने कहा, 'सभी लोग सुरक्षित हैं। यदि आपके प्रियजन विमान से यात्रा कर रहे हैं, तो उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।’एफएए के देशभर में उड़ानें रोकने के आदेश के कारण अब तक कम से कम 600 उड़ान के मार्ग बदले गए हैं।
समस्या का संबंध AI प्रणाली से तो नहीं?
जिन हवाई अड्डों की ओर बड़ी संख्या में उड़ानें मोड़ी गईं, उनमें शिकागो ओ’हारे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, डलास-फोर्ट वर्थ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन राष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं। अमेरिका के पूर्वी समयानुसार शाम चार बजे के बाद देश के हवाई अड्डों से लगभग 11,000 उड़ान रवाना होने वाली थीं, जिनमें 15 लाख से अधिक यात्रियों को सफर करना था। मुलिन ने कहा कि जांचकर्ता यह भी पता लगाएंगे कि इस समस्या का एफएए की ओर से देशभर में लागू की जा रही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की नई प्रणाली से कोई संबंध तो नहीं है। इस प्रणाली का उद्देश्य समस्याओं की पहचान करने और विमानों के मार्ग बदलने में मदद करना है।
