Union Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को वित्त वर्ष 2025-26 का आम बजट पेश किया। वित्त मंत्री बजट भाषण पढ़ने के लिए जैसे ही खड़ी हुईं विपक्षियों ने सदन में जमकर हंगामा किया। इस दौरान विपक्षी दलों के सांसदों ने नारेबाजी की और फिर बजट भाषण के बीच वॉकआउट किया।
वित्त मंत्री ने समाजवादी पार्टी के सांसदों के विरोध के बीच भाषण पढ़ा जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल रहे। दरअसल, विपक्षी दलों ने महाकुंभ में मची भगदड़ पर चर्चा की मांग की और अपना विरोध जताते हुए वॉकआउट किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने वित्त मंत्री को खिलाया दही-चीनी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को 2025-26 का आम बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। परंपरा के अनुसार वित्त मंत्री ने संसद जाने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात की। बजट पेश करने के लिए संसद के लिए रवाना होने से पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने सीतारमण को दही-चीनी खिलाया। कोई भी शुभ काम करने से पहले दही-चीनी खिलाये जाने की परंपरा रही है।
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ''केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्रीय बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने केंद्रीय वित्त मंत्री और उनकी टीम को बजट पेश करने के लिए शुभकामनाएं दीं।''
