Monsoon Session: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि विपक्षी सांसदों को इस सत्र में बोलने का मौका नहीं मिला। इसके लिए वह खुद ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसदों ने सदन में खूब हंगामा किया और चर्चा के लिए निर्धारित समय में हिस्सा नहीं लिया।
क्या कुछ बोले किरेन रिजिजू
सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और कहा कि सरकार की दृष्टि से मानसून सत्र बहुत उपयोगी रहा है, लेकिन विपक्षी सांसदों के लिए नुकसानदायक रहा है। विशेषकर नए विपक्षी सांसदों को बोलने का मौका नहीं मिला। संसद सत्र में अपने संसदीय क्षेत्रों के लिए बात रखने का हर सांसदों को मन होता है... लेकिन इस बार विपक्षी सांसदों को बोलने का मौका नहीं मिला और इसके लिए वह खुद जिम्मेदार हैं...
किरेन रिजिजू ने कहा कि उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसदों ने सदन में खूब हंगामा किया और चर्चा के लिए निर्धारित समय में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने हमें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को बधाई देने के लिए चर्चा नहीं करने दी... इसके लिए हम दुखी हैं... लेकिन सरकार और लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें अभिनंदन किया और शुभांशु शुक्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी सरकार के वरिष्ठ लोगों से मिले।
संसद अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
संसद का मानसून सत्र गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। सत्र के दौरान बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन परीक्षण (SIR) के मुद्दे पर चर्चा को लेकर विपक्ष के भारी हंगामे के कारण लगातार गतिरोध बना रहा। हालांकि, हंगामे के बीच कई अहम विधेयकों को संक्षिप्त चर्चा के बाद पारित करवाया गया।
