Operation Sindoor: भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। भारतीय सेना ने तीन मुख्य आतंकी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिद्दीन के ट्रेनिंग कैंप भी उड़ा दिए हैं। 'ऑपरेशन सिन्दूर' के तहत की गई इस कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय भी तबाह हो गया है। भारत द्वारा की गई इस जवाबी कार्रवाई में अब तक कई लोगों की प्रतिक्रिया सामने आई है। राजनीतिक लोगों के अतिरिक्त पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी ने भी इस सेना के शौर्य की सराहना की है। संजय द्विवेदी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुए अपनी और अपने परिवार की भावनाएं व्यक्त की हैं।
'पीएम मोदी को धन्यवाद'
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी कहते हैं, 'मैं लगातार खबरें देख रहा हूं। मैं भारतीय सेना को सलाम करता हूं और पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने देश के लोगों का दर्द सुना। जिस तरह से भारतीय सेना ने पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद को खत्म किया है, उसके लिए मैं हमारी सेना को धन्यवाद देता हूं... जब से हमने यह खबर सुनी है, मेरा पूरा परिवार हल्का महसूस कर रहा है।'
शुभम द्विवेदी की पत्नी ने कहा, 'मैं अपने पति की मौत का बदला लेने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देना चाहती हूं। मेरे पूरे परिवार को उन पर भरोसा था और जिस तरह से उन्होंने (पाकिस्तान को) जवाब दिया, उसने हमारे भरोसे को कायम रखा है। यह मेरे पति के लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। मेरे पति जहां भी होंगे, आज उन्हें शांति मिलेगी।'
बैसरन घाटी में आंतकियों ने किया था हमला
उत्तर प्रदेश के कानपुर में के निवासी शुभम द्विवेदी अपनी पत्नी आशन्या के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे। 22 अप्रैल को जब वे दोनों बैसरन घाटी में थे तभी आतंकवादियों ने भोजनालयों के आसपास पर्यटकों पर गोलीबारी कर दी। घटना को याद करते हुए आशन्या ने बताया था कि, 'हम पहाड़ी की चोटी के पास घोड़ों से उतरकर पैदल ही चल रहे थे, जबकि शुभम अपनी बहन शांभवी के साथ बैठा हुआ था। एक आदमी आया और उसने पूछा, तुम हिंदू हो या मुसलमान? हममें से कोई भी नहीं समझ पाया कि उसका क्या मतलब था..हमने सोचा कि शायद वह मज़ाक कर रहा है। उसने फिर पूछा...हम सब अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रहे थे और यह सोचकर हंसने लगे कि यह एक मज़ाक है। मैंने कहा, भैया, हम मुसलमान नहीं हैं और फिर, मेरे सामने ही उसने बंदूक निकाली और शुभम के सिर में गोली मार दी।'
सेना ने शुरू किया 'ऑपरेशन सिन्दूर'
रक्षा मंत्रालय ने देर रात 1.44 बजे एक बयान में कहा कि सैन्य हमले 'ऑपरेशन सिन्दूर' के तहत किए गए। इसमें कहा गया है कि भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई केंद्रित, नपी-तुली रही है तथा यह ध्यान रखा गया है कि यह और बढ़े। भारत की ओर से जारी बयान में कहा गया है, 'कुछ देर पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में उन आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर हमला करते हुए ऑपरेशन सिन्दूर शुरू किया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों का मंसूबा बनाया गया और इसे निर्देशित किया गया।' इसी बयान में ये भी कहा गया कि, 'किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्य के चयन और क्रियान्वयन के तरीके में काफी संयम दिखाया है।'
