Omar Abdullah Oath Ceremony: कई साल बाद आज जम्मू कश्मीर को अपना नया मुख्यमंत्री मिल गया। बुधवार को 11 बजकर 30 मिनट पर नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला जम्मू कश्मीर के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव दोनों इस शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए।
उमर अब्दुल्ला केंद्र शासित प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री
2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद अब्दुल्ला जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री होंगे। यह जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के रूप में अब्दुल्ला का दूसरा कार्यकाल होगा। पहले कार्यकाल में वह 5 जनवरी 2009 से 8 जनवरी 2015 तक जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री थे।
नेशनल कांफ्रेंस को मिली हैं सबसे ज्यादा सीटें
भारतीय जनता पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के साथ गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस लेने के बाद जून 2018 से जम्मू और कश्मीर में राष्ट्रपति शासन लागू है। जिसके बाद अभी हुए चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस गठबंधन ने जीत हासिल की है। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 6 सीटें जीतीं। पांच निर्दलीय विधायकों और आम आदमी पार्टी (आप) के एक विधायक के समर्थन से बहुमत और मजबूत हो गया। भारतीय जनता पार्टी ने 29 सीटें जीतीं, जबकि 2014 के जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में उसे 25 सीटें मिली थीं।
