Omar Abdullah Missing Poster: जम्मू-कश्मीर में उस समय राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया जब भाजपा ने मुख्यमंत्री का मजाक उड़ाने के उद्देश्य से इंटरनेट पर 'उमर अब्दुल्ला लापता' के पोस्टर प्रसारित किए।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला (फाइल फोटो)
भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई ने अब्दुल्ला के लापता होने के पोस्टर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किए, जिसमें अब्दुल्ला के बारे में जानकारी मांगी गई और दावा किया गया कि वह 'पिछले दस दिनों से लापता हैं।' भाजपा की तरफ से यह आलोचना ऐसे समय में की जा रही है जब खबरें आ रही हैं कि मुख्यमंत्री निजी दौरे पर राज्य से बाहर हैं।
BJP पर बरसे फारूक अब्दुल्ला
पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास करने के लिए "इससे बेहतर कुछ नहीं" है। पूर्व मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के हजरतबल दरगाह में सामूहिक नमाज अदा करने के बाद पत्रकारों से कहा, "उनके अपने अभियान हैं, वे जानते हैं कि वे क्या कर रहे हैं। हमें उन्हें जवाब देने की जरूरत नहीं है।"
'कायम है गठबंधन'
फारूक ने जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के साथ गठबंधन टूटने की अफवाहों को भी सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि ये सब हमारे दुश्मन फैला रहे हैं। गठबंधन कायम है, कुछ नहीं होगा।" ईंधन आपूर्ति संकट को लेकर बनी चिंताओं का जिक्र करते हुए फारूक ने उम्मीद जताई कि पश्चिम एशिया का यह संकट जल्द ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त होगा, और ईश्वर की कृपा से हम इन कठिनाइयों से बाहर निकल आएंगे।"
जम्मू के सिधरा इलाके में हाल ही में गुर्जर और बकरवाल परिवारों के घरों पर चले बुलडोजर मामले को लेकर फारूक अब्दुल्ला की टिप्पणी भी सामने आई। उन्होंने कहा कि इसमें उनकी पार्टी या राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा, ''हम इसमें शामिल नहीं हैं। यह काम उन्होंने (उपराज्यपाल) ने किया है और इसकी जांच चल रही है। यह सिर्फ सिधरा में ही नहीं, बल्कि जम्मू के दूसरे इलाकों में भी हुआ है।''
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
