देश

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पहली बार PM मोदी से मिले उमर अब्दुल्ला; 30 मिनट तक चली बैठक

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और पिछले सप्ताह पहलगाम में हुए आतंकी हमले समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। दोनों के बीच तकरीबन 30 मिनट तक बैठक चली।

Image

फोटो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (दाएं) और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (बाएं) (फोटो साभार: @PMOIndia)

Photo : Twitter

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उमर अब्दुल्ला पहली बार पीएम मोदी से मिले। इस दौरान पहलगाम आतंकी हमले समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों के बीच तकरीबन 30 मिनट तक बैठक चली।

अधिकारियों ने बताया कि उमर अब्दुल्ला ने पीएम मोदी को जम्मू-कश्मीर के जमीनी हालात के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने आतंकी हमले में मारे गए टट्टू की सवारी कराने वाले सैयद आदिल हुसैन शाह का भी जिक्र किया, जिन्होंने पर्यटकों की रक्षा के लिए आतंकवादियों से बंदूक छीनने की कोशिश की थी।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने पहलगाम के पर्यटन स्थल बैसरन घाटी में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के मद्देनजर मौजूदा स्थिति से मोदी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के लोगों की गहरी पीड़ा और आक्रोश को दोहराया।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने 28 अप्रैल को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की थी, जो आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने तथा क्षेत्र की शांति और सद्भाव की रक्षा करने की जनप्रतिनिधियों की सामूहिक इच्छा को दर्शाता है। प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बताया कि जम्मू-कश्मीर के लोगों में हिंसा को अस्वीकार करते हुए गहरी एकजुटता की भावना है।

पहलगाम में 26 बेनुगाहों की हुई मौत

बता दें आतंकियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में लोगों (ज्यादातर पर्यटक) पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं थीं। हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। प्रतिबंधित आतंकवादी समूह 'लश्कर-ए-तैयबा' से जुड़े 'टीआरएफ' ने इस हमले की जिम्मेदारी ली।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article