INS Kirpan: भारत लगातार चीन को अब अपनी सीमा के साथ-साथ दूसरे देशों की सीमाओं से भी चीन को घेर रहा है। पहले ही फिलीपींस के साथ ब्रह्मोस की डील हो चुकी है। अब भारत ने वियतनाम को अपना एक खतरनाक युद्धक पोत INS कृपाण गिफ्ट कर दिया है। आईएनएस कृपाण वियतनाम पहुंच भी गया है।
वियतनाम को भारत ने INS Kirpan किया गिफ्ट (Indian Navy)
वियतनाम की यात्रा पर नौसेना प्रमुख
भारत ने बढ़ती रणनीतिक साझेदारी प्रदर्शित करते हुए शनिवार को वियतनाम को मिसाइल से लैस युद्धक पोत आईएनएस कृपाण सौंप दिया। अधिकारियों ने कहा कि वियतनाम की यात्रा पर गए नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने कैम रॉन में आयोजित इससे संबंधित समारोह की अध्यक्षता की।
पहली बार एक्टिव पोत हुआ है गिफ्ट
भारत ने पहली बार किसी मित्र देश को कोई सेवारत पोत उपहार में दिया है। भारतीय नौसेना ने कहा कि पोत पूरी "हथियार प्रणाली" के साथ वियतनाम पीपुल्स नेवी (वीपीएन) को सौंपा गया है। इसने एक बयान में कहा- "राष्ट्र के लिए 32 साल की शानदार सेवा पूरी करने पर, भारतीय नौसैन्य पोत कृपाण को भारतीय नौसेना से सेवामुक्त कर आज वीपीएन को सौंप दिया गया।"
स्वदेश निर्मित पोत
आईएनएस कृपाण स्वदेश में निर्मित खुखरी श्रेणी का मिसाइल युद्धपोत है, जिसे रक्षा मंत्री की 19 जून, 2023 की उपहार में देने की घोषणा के अनुरूप वियतनाम को सौंपा गया। इस घोषणा के अनुरूप आईएनएस कृपाण तिरंगा धारण कर भारत से वियतनाम के लिए गत 28 जून को रवाना हुआ था और आठ जुलाई को वियतनाम के कैम रॉन पहुंचा।
