देश

Manipur Video: मणिपुर महिला उत्पीड़न मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार, 2 महिलाओं की करवाई थी न्यूड परेड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 22, 2023, 10:53 PM IST

Manipur Video: मणिपुर वायरल वीडियो में पुलिस ने शनिवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जो किशोर है। इसके साथ मणिपुर महिला उत्पीड़न मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या छह हो गई है।

Manipur Video: मणिपुर में हुए दो महिलाओं के उत्पीड़न मामले में पुलिस ने छठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले दिन में पांचवें आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपियों में एक नाबालिग भी है। इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें ये लोग दो महिलाओं को न्यूड परेड करवाते दिख रहे थे, साथ ही गलत हरकत भी कर रहे थे।

छुपा था छठा आरोपी

मणिपुर वायरल वीडियो में पुलिस ने शनिवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जो किशोर है। इसके साथ मणिपुर महिला उत्पीड़न मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या छह हो गई है। पुलिस ने बताया कि छठे आरोपी को शनिवार दोपहर थौबल जिले से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस हिरासत में आरोपी

मणिपुर के थौबल जिले की एक स्थानीय अदालत ने पूरे देश को हिलाकर रख देने वाले इस भयावह अपराध की पुलिस जांच को सुविधाजनक बनाने के लिए शुक्रवार को चारों आरोपियों को 11 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इंफाल में अधिकारियों ने बताया कि मामले के जांच अधिकारी की याचिका पर थौबल में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ने चारों को 31 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया।

आरोपियों के घर पर महिलाओं का हमला

इस बीच, शुक्रवार को गुस्साई भीड़ ने थौबल के वांगजिंग इलाके में फरार संदिग्ध 20 वर्षीय एल कबीचंद्र के घर में आग लगा दी। गुस्साई महिलाओं ने गुरुवार देर शाम थौबल जिले के याइरीपोक गांव में मुख्य आरोपी हुइरेम हेरोदास सिंह (मैतेई) का घर भी जला दिया।

क्या कहा सीएम ने

मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, जिनके पास गृह विभाग भी है, ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा पूछताछ की जा रही है और इस समय वह विवरण का खुलासा नहीं कर पाएंगे। सीएम ने मीडिया को बताया- "अपराध में शामिल शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए मैं व्यक्तिगत रूप से पुलिस के तलाशी अभियान की निगरानी कर रहा हूं।"

छापेमारी जारी

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोषियों को पकड़ने के लिए मणिपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा कांगपोकपी, थौबल और आसपास के अन्य जिलों में तलाशी अभियान जारी है। अधिकारी ने कहा कि घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाने के लिए व्यापक तलाशी की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article