उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को दिल्ली में पिछले तीन वर्षों की सबसे ठंडी जनवरी सुबह दर्ज की गई, वहीं चंडीगढ़ में बीते नौ सालों की सबसे सर्द रात रही। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और झारखंड समेत कई राज्यों में शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।
दिल्ली में बढ़ी ठंड (फाइल फोटो | PTI)
दिल्ली में सफदरजंग वेधशाला सबसे ठंड़ा
राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग साढ़े चार डिग्री कम है। इससे पहले 16 जनवरी 2023 को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री दर्ज किया गया था। सफदरजंग वेधशाला में तापमान तीन डिग्री रहा, जबकि पालम में चार, लोधी रोड में तीन, रिज में 4.4 और आयानगर में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री तक नीचे चला जाए, तो शीतलहर की स्थिति मानी जाती है। इस बीच ठंड और स्थिर हवाओं के चलते दिल्ली की हवा भी बिगड़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक 337 तक पहुंच गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
कश्मीर घाटी में ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी
उधर कश्मीर घाटी में ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जो सर्दियों की 40 दिनों की सबसे कठोर अवधि मानी जाती है। मौसम विभाग ने 16 जनवरी के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान जताया है, जिससे हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। सोमवार रात घाटी में ठंड और बढ़ गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। सोनमर्ग में पारा माइनस 7 डिग्री तक लुढ़क गया, जबकि पहलगाम में माइनस 6.2 और गुलमर्ग में माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरी है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में लंबे समय से बारिश नहीं हुई है।
हरियाणा का हिसार में तापमान दो डिग्री सेल्सियस से भी कम
पंजाब में भी कड़ाके की ठंड का असर दिखा। एसबीएस नगर के बल्लोवाल सौंखरी में तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री कम और पिछले नौ वर्षों में सबसे कम है। अमृतसर में दिन का अधिकतम तापमान महज 8.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब नौ डिग्री कम है। हरियाणा के हिसार और नारनौल में भी शीतलहर का असर रहा, जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 1.5 और 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में सोमवार को पारा 0.6 डिग्री तक गिर गया था, जबकि मंगलवार को यह 3.3 डिग्री रहा।
राजस्थान-झारखंड का ऐसा रहा हाल
राजस्थान के कई हिस्सों में भी ठंड का प्रकोप जारी है। करौली में तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया। राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, हालांकि कुछ इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा और फिलहाल इससे राहत के आसार नहीं हैं। झारखंड में भी मंगलवार को शीतलहर बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
