INDIA Bloc Meeting: विपक्षी दलों के 'INDIA' गठबंधन की आगामी बैठक से ठीक पहले BJP ने विपक्षी एकता पर तीखा तंज कसा है। बीजेपी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने रविवार को विपक्षी गठबंधन के बीच आपसी तालमेल की कमी पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन के पास न तो देश के लिए कोई 'मिशन' है और न ही कोई 'विजन'।
बीजेपी ने गिनाईं विपक्षी दलों की आपसी दूरियां और विवाद
शहजाद पूनावाला (Shehzad Poonawalla opposition criticism) ने विपक्षी खेमे में मचे घमासान का जिक्र करते हुए कहा, "इस गठबंधन में सिर्फ कन्फ्यूजन (भ्रम) है और हर गुजरते दिन के साथ इनके बीच एक नया बंटवारा सामने आ रहा है। डीएमके ने इस गठबंधन को बीच रास्ते में छोड़ दिया है। शरद पवार की एनसीपी बैठक में शामिल नहीं हो रही है। झारखंड में जेएमएम और कांग्रेस के बीच राज्यसभा सीट को लेकर जंग छिड़ी हुई है।
वहीं, लेफ्ट पार्टियों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राहुल गांधी द्वारा उनके नेताओं के खिलाफ दिए गए बयानों पर सफाई मांगी है।" पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा कि यह गठबंधन सिर्फ कागजों और कल्पनाओं में है, हकीकत में ये सब एक-दूसरे से लड़ रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मुनाफे में हैं तेल कंपनियां, फिर क्यों बढ़ रहे LPG सिलेंडर के दाम? मनीष तिवारी ने सरकार से मांगा जवाब
बिहार बीजेपी अध्यक्ष ने भी साधा निशाना
पूनावाला के अलावा बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता संजय सरावगी ने भी विपक्षी खेमे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के भीतर भारी अंतर्विरोध और सिरफुटव्वल की स्थिति है। उनके बीच आपस में कोई तालमेल नहीं है, जबकि इसके उलट नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) पूरी तरह एकजुट है।
डीएमके ने क्यों नहीं लेगी बैठक में हिस्सा?
विपक्षी गठबंधन के लिए सबसे बड़ा झटका तमिलनाडु से लगा है। जहां पर डीएमके (DMK) ने बैठक में शामिल न होने का फैसला है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस द्वारा टीवीके (TVK) पार्टी को समर्थन देने से डीएमके बेहद नाराज है। डीएमके ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि तमिलनाडु चुनावों के बाद कांग्रेस ने उनके साथ जो 'विश्वासघात' किया है, उससे पार्टी के कार्यकर्ता गहरे सदमे और दुख में हैं।
कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए डीएमके ने 8 जून को नई दिल्ली में होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है, क्योंकि इस बैठक में कांग्रेस भी शामिल हो रही है। इस टूट से साफ है कि विपक्ष की एकजुटता की राह फिलहाल बेहद मुश्किल नजर आ रही है।
