LPG Price Hike: घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब सरकारी तेल कंपनियां लगातार अच्छा मुनाफा कमा रही हैं, तब पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम बार-बार क्यों बढ़ाए जा रहे हैं।
मनीष तिवारी (Manish Tewari) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि देश की तीन प्रमुख सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक का संयुक्त मुनाफा कमाया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: FIR के बाद कहां गायब हुए खान सर? फायरिंग केस में ताबड़तोड़ छापेमारी, कोचिंग सेंटर भी हो सकता है सील
आम लोगों पर ईंधन की कीमतों का बोझ क्यों?
उनके अनुसार यह पिछले वित्त वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी से मार्च 2026 के दौरान भी इन कंपनियों का लाभ बढ़ा है। कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाया कि जब कंपनियां इतने बड़े स्तर पर लाभ कमा रही हैं, तो आम लोगों पर ईंधन की कीमतों का बोझ क्यों डाला जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से घरेलू एलपीजी सिलेंडर (Domestic LPG Cylinder Price) की कीमत में हाल ही में हुई 29 रुपये की बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
गौरतलब है कि सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो गई है। इससे पहले मार्च 2026 में भी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे।
वैश्विक परिस्थितियों और लागत के दबाव को देखते हुए आवश्यक कदम-सरकार
वहीं पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कहना है कि घरेलू एलपीजी पर अब भी कंपनियों को प्रति सिलेंडर नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार सरकार ने देश में गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए घरेलू उत्पादन बढ़ाने और आयात सुनिश्चित करने जैसे कई कदम उठाए हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। एक तरफ विपक्ष बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेर रहा है, वहीं सरकार का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों और लागत के दबाव को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आम लोगों की नजर अब इस बात पर है कि आने वाले समय में रसोई गैस और अन्य ईंधनों की कीमतों में क्या बदलाव होता है।
