Saif Ali Khan Update: सैफ अली खान पर जानलेवा हमले को लेकर बॉलीवुड में सनसनी मची हुई है और आरोपी अभी तक पकड़ से बाहर है। इसी बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री योगेश कदम ने कहा है कि सैफ अली ने कभी भी अपनी जिंदगी पर खतरे की आशंका नहीं जताई थी और न ही सुरक्षा कवर मांगा था। कदम ने कहा कि सैफ पर हमले में अंडरवर्ल्ड गिरोह का हाथ नहीं है।
सैफ अली खान पर जानलेवा हमला
योगेश कदम ने सैफ अली खान पर उनके मुंबई स्थित अपार्टमेंट में हुए हमले के पीछे एकमात्र मकसद चोरी था तथा उन्होंने किसी अन्य पहलू से इनकार किया। पुणे में संवाददाता सम्मेलन में कदम ने कहा कि मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसका चेहरा संदिग्ध हमलावर से मिलता है, जिसकी तस्वीर इमारत से भागते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। उन्होंने बताया कि व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
हमले में किसी आपराधिक गिरोह की संलिप्तता के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जांच में ऐसे किसी भी पहलू से इनकार किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक घटना के पीछे चोरी ही एकमात्र मकसद लगता है। कदम ने बताया कि मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसका चेहरा सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहे व्यक्ति से मिलता-जुलता है। पुलिस एक और व्यक्ति पर नजर रख रही है।
सैफ की हालत में सुधार हो रहा है
चाकू से हमले में घायल हुए अभिनेता सैफ अली खान का मुंबई के लीलावती अस्पताल में इलाज कर रहे डक्टरों ने शुक्रवार को कहा कि अभिनेता की हालत में सुधार हो रहा है। सैफ (54) पर बुधवार देर रात उनके बांद्रा स्थित आवास पर एक हमलावर ने धारदार हथियार से हमला किया था जिसमें उनकी गर्दन समेत छह जगह पर चोट आई। लीलावती अस्पताल में उनकी सर्जरी की गई।
सैफ का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने कहा कि उन्हें गहन देखभाल इकाई (आईसीयू) से अस्पताल के एक विशेष कमरे में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज हम आगंतुकों को सैफ से मिलने की अनुमति नहीं देंगे क्योंकि हम चाहते हैं कि वह आराम करें। चाकू के घावों की वजह से उन्हें आराम की जरूरत है और पीठ पर आए घाव को लेकर विशेष ध्यान रखना होगा जिसमें संक्रमण की आशंका है।
घुसपैठिये ने धारदार हथियार से कई बार हमला किया
बता दें कि सैफ खान पर बुधवार देर रात बांद्रा के रिहायशी इलाके में स्थित उनके अपार्टमेंट में एक घुसपैठिये ने धारदार हथियार से कई बार हमला किया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हमले में इस्तेमाल ब्लेड उनकी रीढ़ की हड्डी में फंस गया था जिसे अब निकाला गया है। सैफ खान की गर्दन सहित छह जगहों पर वार किया गया था। लीलावती अस्पताल में आपातकालीन सर्जरी के बाद वह खतरे से बाहर हैं।
उनके छोटे बेटे जेह के कमरे के बाहर देर रात करीब ढाई बजे हुए इस हमले के बाद सैफ अली खान को अस्पताल ले जाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में लाल रंग का गमछा डाले और एक बैग लेकर जा रहा हमलावर सतगुरु शरण बिल्डिंग की छठी मंजिल से सीढ़ियों से उतरता हुआ नजर आ रहा है, जिस इमारत में सैफ रहते हैं।
