देश

जम्मू के गांव में फैली रहस्यमयी बीमारी, तीन परिवारों के 16 लोगों की मौत होने से अधिकारी भी हैरान

अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों के तीन घरों को सील कर दिया है जबकि उनके 21 करीबी रिश्तेदारों को कड़ी निगरानी में रखने के लिए सरकारी देखभाल केंद्र में स्थानांतरित कर दिया है।

Image

जम्मू के गांव में कई मौतें

Photo : iStock

Mysterious Deaths in Jammu Village: जम्मू संभाग के एक छोटे से गांव में रहस्यमयी बीमारी ने 16 लोगों की जान ले ली, जिससे अधिकारी हैरान हैं और वे पहली मौत के दो महीने बाद भी इसके कारणों के बारे में कुछ नहीं बता पाए हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि जट्टी बेगम (60) नामक बुजुर्ग महिला की शुक्रवार को अज्ञात कारणों से मौत हो गई, इसके अलावा एक अन्य लड़की अब भी अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित राजौरी जिले के कोटरंका उप-मंडल के बदहाल गांव के हैं, जहां पिछले साल दिसंबर से तीन परिवारों के 16 सदस्यों की मौत हो चुकी है। इनमें सात की मौत रविवार से अब तक हुई है।

प्रभावित परिवारों के तीन घरों को सील किया

अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों के तीन घरों को सील कर दिया है जबकि उनके 21 करीबी रिश्तेदारों को कड़ी निगरानी में रखने के लिए सरकारी देखभाल केंद्र में स्थानांतरित कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त दिल मीर के नेतृत्व में एक टीम ने अभियान चलाया, जिसमें सुरक्षाकर्मी मौके पर तैनात थे। इस बीच, बुधल के पुलिस अधीक्षक (अभियान) वजाहत हुसैन की अध्यक्षता में 11 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जो मौत के मामलों की जांच करेगी। बेगम के पति मोहम्मद यूसुफ की तीन दिन पहले एक अस्पताल में मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद असलम की 15 वर्षीय बेटी यास्मीन कौसर की हालत गंभीर बनी हुई है और वह जम्मू के एसएमजीएस अस्पताल में जीवन रक्षक उपकरणों पर है। एसएमजीएस अस्पताल में भर्ती मोहम्मद असलम के छह बच्चों में से पांच की मौत हो गई है। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने जम्मू में संवाददाताओं से कहा, स्थिति पर सभी पहलुओं से नजर रखी जा रही है। इन मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए कई स्वास्थ्य एजेंसियां पहले से ही जांच कर रही हैं।

वायरल या फंगल संक्रमण का कोई सबूत नहीं

उन्होंने कहा कि अब तक वायरल, जीवाणु जनित या फंगल संक्रमण का कोई सबूत नहीं मिला है। कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। किसी भी संभावित आपराधिक पहलू की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है। डुल्लू ने स्वास्थ्य आपातकाल की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि क्षेत्र में केवल तीन परिवार ही प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांचकर्ता फज़ल, मोहम्मद रफ़ीक और मोहम्मद असलम के परिवारों द्वारा खाये गए सभी खाद्य पदार्थों और दवाओं की जांच करेंगे और नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें