BJP IT-सोशल मीडिया की मैराथन बैठक, महिला नेताओं पर टिप्पणी को लेकर नितिन नबीन की नसीहत

बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सोशल मीडिया के जरिए और धार देने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी के डिजिटल नेटवर्क के जरिए अभियान को ज्यादा प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने और अलग-अलग वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बीजेपी मुख्यालय के विस्तार कार्यालय में रविवार को पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया विभाग की अहम बैठक हुई। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चली इस मैराथन बैठक में आगामी चुनावों की डिजिटल रणनीति, सोशल मीडिया कैंपेन और युवा, खासकर Gen-Z तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर विस्तार से मंथन हुआ।

BJP IT-सोशल मीडिया की बैठक में नितिन नबीन।

बैठक में नितिन नबीन, बीएल संतोष और दीपक म्हासके रहे मौजूद

बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और बीजेपी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हासके मौजूद रहे। इसके अलावा लगभग सभी राज्यों के बीजेपी आईटी और सोशल मीडिया प्रमुख एवं सह-प्रमुख बैठक में शामिल हुए।

‘सेवा संकल्प अभियान’ को सोशल मीडिया पर धार देने की तैयारी

बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सोशल मीडिया के जरिए और धार देने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी के डिजिटल नेटवर्क के जरिए अभियान को ज्यादा प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने और अलग-अलग वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बीजेपी के डिजिटल और सोशल मीडिया कैंपेन की रणनीति पर भी मंथन हुआ। पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहुंच को और प्रभावी बनाने के लिए नए कंटेंट और कैंपेन तैयार करने पर चर्चा हुई।

Gen-Z और युवाओं पर बीजेपी का विशेष फोकस

बैठक में Gen-Z और युवा पीढ़ी तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। युवाओं के साथ संवाद को मजबूत करने के लिए नए डिजिटल कंटेंट, सोशल मीडिया फॉर्मेट और कैंपेन पर मंथन किया गया। पार्टी की कोशिश है कि सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक बीजेपी की नीतियों, कार्यक्रमों और अभियानों को ज्यादा प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।

विपक्ष की महिला नेताओं पर टिप्पणी से बचने की नसीहत

सूत्रों के मुताबिक, बैठक को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया टीम को विपक्ष की महिला नेताओं पर व्यक्तिगत या आपत्तिजनक टिप्पणी से बचने की स्पष्ट नसीहत दी। सूत्रों के मुताबिक, नबीन ने कहा कि सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी या विपक्ष के किसी भी दल की महिला नेता पर ऐसा कोई कटाक्ष नहीं किया जाना चाहिए, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो।

End of Feed